चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(PM Modi spoke to Harsimrat Kaur Badal over the phone and inquired about Sukhbir Badal’s health) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बठिंडा से लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की और उनके पति सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने हरसिमरत कौर बादल से नांदेड़ में हुई घटना को लेकर विस्तार से बातचीत की और पूछा कि क्या उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत है। पीएम मोदी ने यह भी जानकारी ली कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सुरक्षित हैं या नहीं।
गौरतलब है कि गुरुवार को नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ था। इस घटना में उनके दाहिने हाथ पर चोट आई है।
प्रधानमंत्री मोदी की हाल ही में संसद परिसर में सुखबीर सिंह बादल से मुलाकात भी हुई थी।
वहीं, 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच नजदीकियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, भाजपा ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि वह पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
हालांकि, सूत्रों का कहना है कि दोनों दलों के बीच रिश्तों में नरमी आई है। अब देखना होगा कि यह नजदीकी किस रूप में सामने आती है और क्या आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन होता है।



















