चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Former cricketer Manpreet Gony enters politics; joins AAP) पूर्व क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी ने क्रिकेट के बाद अब राजनीति के मैदान में कदम रख दिया है। गोनी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता कुनार ने भी पार्टी का दामन थामा। पार्टी में शामिल होने के बाद गोनी ने कहा कि संगठन की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाएंगे। उनके पार्टी में शामिल होने को आगामी चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी की ओर से खेल जगत से जुड़ी हस्तियों को जोड़ने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
हरभजन सिंह के बाद गोनी की राजनीति में एंट्री
मनप्रीत गोनी आम आदमी पार्टी से जुड़ने वाले क्रिकेट जगत के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए हैं। इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।
आईपीएल में धोनी की कप्तानी में चमके थे गोनी
मनप्रीत गोनी क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज गेंदबाजी और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं। वर्ष 2008 के आईपीएल में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। उस सत्र में गोनी ने 16 मुकाबलों में 17 विकेट हासिल किए थे। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी उनकी प्रतिभा की सराहना की थी। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद गोनी को भारतीय टीम में भी जगह मिली।
गेंदबाजी के साथ लंबे छक्कों के लिए भी पहचान
गोनी निचले क्रम में तेजी से रन बनाने के लिए भी जाने जाते थे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम छह अर्धशतक दर्ज हैं। क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद भी उन्होंने 2019 में कनाडा की वैश्विक ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता में टोरंटो नेशनल्स की ओर से खेला था। उस टीम की कप्तानी युवराज सिंह कर रहे थे। एक मुकाबले में गोनी ने महज 12 गेंदों पर 33 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। अब क्रिकेट के मैदान के बाद मनप्रीत गोनी ने राजनीति की पिच पर नई पारी शुरू की है। पार्टी उन्हें आगे क्या जिम्मेदारी देती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।



















