Home crime संपत्ति विवाद ने ली विकलांग भाई की जान;24 घंटे में गिरफ्तार

संपत्ति विवाद ने ली विकलांग भाई की जान;24 घंटे में गिरफ्तार

जालंधर। राजवीर दीक्षित

(Property dispute claims life of disabled brother; arrest made within 24 hours) जालंधर में घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। थाना सदर पुलिस ने धर्मपुरा आबादी, खांबड़ा में 35 वर्षीय विकलांग व्यक्ति की हत्या के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए उसके भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है।

संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, मृतक टहिल दास का अपने बड़े भाई सोहांग उर्फ भोला के साथ घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते सोहांग ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर टहिल दास पर हमला कर दिया।  आरोपियों ने तेजधार हथियार, डंडे और ईंट से टहिल दास पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी पति-पत्नी मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

गंभीर हालत में टहिल दास को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की माता हरबंस कौर के बयानों के आधार पर पुलिस ने सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

24 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि डीसीपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार और उनकी टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

खून से सना डंडा और तेजधार हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना डंडा, टूटी हुई करद, खून से सनी सीमेंट की ईंट और एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और वारदात के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!