चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(The buzz of sports to return to Punjab; CM Mann makes the announcement) पंजाब में खेलों के सबसे बड़े आयोजन ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सत्र का आगाज 5 सितंबर से होने जा रहा है। बठिंडा से शुरू होने वाले इन खेलों का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा। सरकार को इस बार करीब 10 लाख खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्रतियोगिताओं में 38 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें अंडर-14 वर्ग से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी खेलों का हिस्सा बनाया गया है। पिछले वर्ष पंजाब में आई भीषण बाढ़ के कारण इन खेलों का आयोजन नहीं हो सका था। इस बार आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, जबकि खेलों की मशाल यात्रा पहले ही शुरू हो चुकी है।
11.85 लाख से ज्यादा खिलाड़ी ले चुके हिस्सा
सरकार के अनुसार, पिछले सत्रों में 11.85 लाख से अधिक खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले चुके हैं। वहीं, पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि दी जा चुकी है।
चार भारतीय टीमों की कप्तानी पंजाबियों के हाथ
मुख्यमंत्री ने पंजाब के खेल योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की कई प्रमुख खेल टीमों की कमान पंजाब के खिलाड़ियों के हाथ में है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल पंजाब से हैं। इसके अलावा भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम के कप्तान तलप्रीत सिंह बराड़ भी पंजाब से हैं।
गांवों तक खेल सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
सरकार के मुताबिक पंजाब में 3,148 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से करीब 250 खेल मैदानों का उद्घाटन किया जा चुका है। इसके अलावा प्रदेश में करीब 6 हजार जिम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से लगभग 500 जिम खिलाड़ियों और युवाओं को समर्पित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले पंजाब के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पहले प्रशिक्षण के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का दावा है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण देकर पंजाब को खेलों के क्षेत्र में और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।



















