जालंधर । राजवीर दीक्षित
(Youth caught snatching a mobile phone; people tied him to a pole and beat him) जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया थाना नंबर-1 के इलाके में मोबाइल झपटकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पीछा कर दबोच लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद गुस्साए लोगों ने उसे बिजली के खंभे से बांधकर पीटा। मौके पर हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रंजीत के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह नशे का आदी है और नशे का इंतजाम करने के लिए मोबाइल झपटने की वारदात की। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक युवक उससे जबरन ऐसी वारदातें करवाता है। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
राम नगर फाटक के पास छीना मोबाइल
जानकारी के मुताबिक विजय कुमार साइकिल से दोपहर का खाना खाने के लिए घर जा रहे थे। राम नगर फाटक के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर आए युवक ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और मौके से फरार होने लगा। विजय कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी उनका साथ दिया और कुछ दूरी पर आरोपी को घेरकर पकड़ लिया।
भीड़ ने खंभे से बांधा
आरोपी के पकड़े जाने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने युवक को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।
नशे के लिए वारदात करने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में रंजीत ने दावा किया कि वह नशे का आदी है और नशे की खुराक का इंतजाम करने के लिए उसने मोबाइल छीना था। आरोपी ने यह भी आरोप लगाया कि संजय गांधी नगर की गली नंबर-6 में रहने वाला आशु उसे वारदात करने के लिए मजबूर करता है। रंजीत के मुताबिक, वारदात करने से इनकार करने पर आशु कथित तौर पर उसे कमरे में बंद कर पीटता है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में
लोगों ने आरोपी के पास से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पकड़ ली। बाइक का नंबर पीबी 08 एफवाई 0329 बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के साथ मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर उसके दस्तावेजों और मालिकाना हक की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयानों, मोबाइल झपटमारी की घटना और मोटरसाइकिल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















