Home Education पंजाब में कश्मीर और बिहार के छात्र भिड़े,हिंसक झड़प के बाद जमकर...

पंजाब में कश्मीर और बिहार के छात्र भिड़े,हिंसक झड़प के बाद जमकर तोड़फोड़,डंडे बेट से हमला !

जालंधर। राजवीर दीक्षित

(Students from Kashmir and Bihar clashed in Punjab; widespread vandalism followed the violent altercation, with attacks involving sticks and bats) जालंधर के शाहपुर स्थित CT इंस्टीट्यूट कैंपस में खाने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कैंपस में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट शुरू हो गई। विवाद बिहार और कश्मीर से जुड़े छात्रों के बीच हुआ बताया जा रहा है। घटना के बाद कैंपस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके चलते प्रबंधन को गेट बंद कर पुलिस को सूचना देनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कैंटीन में खाने को लेकर हुई। आरोप है कि खाने में टैबलेट मिलने के बाद कुछ कश्मीरी छात्रों ने कैंटीन संचालक से इस संबंध में बात की। इसी बात को लेकर कुछ अन्य छात्रों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि छात्रों ने एक-दूसरे पर डंडे और बैट से हमला किया। इस दौरान एक छात्र के सिर पर चोट लगने की भी बात सामने आई है। कैंपस में सामान की तोड़फोड़ भी की गई।

वीडियो में पुलिस के सामने ईंट-पत्थर चलने का दावा

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी छात्रों को समझाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों की ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक छात्र पुलिस के सामने यह कहते हुए भी सुनाई देता है कि उनके सामने ही ईंटें चलाई जा रही हैं। वहीं, सूत्रों ने विवाद के दौरान तेजधार हथियार इस्तेमाल किए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, थाना नंबर-5 पुलिस ने तलवार या किसी तेजधार हथियार के इस्तेमाल से साफ इनकार किया है।

पुलिस बोली- रिलीजियस इश्यू नहीं, सभी फर्स्ट ईयर के छात्र

थाना नंबर-5 के एसएचओ यादविंदर सिंह के मुताबिक, विवाद में शामिल छात्र फर्स्ट ईयर के हैं और उनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष है। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत करवा दिया। एसएचओ ने धार्मिक विवाद की बात से भी इनकार किया है। तलवारें चलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ सामने नहीं आया है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जिस पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस कैंपस में हुए विवाद के कारणों और मारपीट में शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!