Home accident चलेट में सड़क हादसा बना काल, BCA छात्रा सुनाक्षी की मौत

चलेट में सड़क हादसा बना काल, BCA छात्रा सुनाक्षी की मौत

ऊना । राजवीर दीक्षित

दौलतपुर चौक (ऊना)। गांव चलेट में वीरवार दोपहर करीब तीन बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बीसीए तृतीय वर्ष में पढ़ने वाली 20 वर्षीय छात्रा सुनाक्षी, पुत्री सतनाम सिंह, निवासी झंबर, जिला ऊना की जान चली गई। सुनाक्षी गगरेट के मवा कोहलां गांव में अपने रिश्तेदारों के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के मुताबिक वह स्कूटी पर कॉलेज से वापस घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक टैंकर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनाक्षी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, स्कूटी चालक हादसे में सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, कॉलेज में छुट्टी होने के बाद सुनाक्षी घर लौटने के लिए बस अड्डे की ओर गई थी। इसी दौरान उसके गांव के एक परिचित व्यक्ति ने उसे अपनी स्कूटी पर साथ बैठा लिया। दोनों स्कूटी से चलेट पुल को पार करने के बाद करीब 50 मीटर ही आगे बढ़े थे कि पीछे से तेज गति से आ रहे टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर पीछे बैठी सुनाक्षी सड़क पर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और घायल सुनाक्षी को स्थानीय लोगों की सहायता से चलेट स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पढ़ाई के साथ अपने भविष्य के सपने संजो रही 20 वर्षीय सुनाक्षी की सड़क हादसे में अचानक हुई मौत ने इलाके को भी झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।हादसे के बाद टैंकर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, जिसके दौरान फरार आरोपी चालक को टीम ने पकड़ लिया।
पढ़ाई में मेधावी सुनाक्षी परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और घर की जिम्मेदारियों में भी परिजनों का सहयोग करती थी। उसकी असमय मौत की खबर सामने आते ही परिवार सहित रिश्तेदारों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। सुनाक्षी अपने माता-पिता के साथ नहीं रहती थी, बल्कि गगरेट क्षेत्र के मवां कोहला गांव में अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार में उसका एक छोटा भाई और एक बहन है। पढ़ाई के सिलसिले में वह काफी समय से मौसी के यहां ही रह रही थी। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की असल वजह का पता लगाने में जुटी हुई है और यह जांच की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस की टीम घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं और साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!