पंचकूला।राजवीर दीक्षित
(Two women robbed while out for a morning walk; 24-second CCTV video surfaces) पंचकूला में सुबह की सैर पर निकली दो महिलाओं के साथ लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। केंबवाला रोड पर पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने महिलाओं को घेरकर सड़क पर गिरा दिया और उनके कानों से बालियां झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात महज कुछ सेकेंड में अंजाम दी गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
पीछे से दौड़कर आए बदमाश, महिलाओं को सड़क पर गिराया
जानकारी के मुताबिक, सकेतबड़ी निवासी दो महिलाएं शुक्रवार सुबह करीब सवा 3 बजे सैर के लिए निकली थीं। दोनों केंबवाला रोड पर पहुंचीं तो पीछे से दौड़ते हुए आए बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने अपने चेहरे रूमाल से ढक रखे थे।
दो बदमाशों ने महिलाओं को दबोचकर नीचे गिराया, जबकि पीछे से आया तीसरा साथी भी वारदात में शामिल हो गया। इसके बाद महिलाओं के कानों से बालियां निकालकर तीनों मौके से फरार हो गए।
महिला ने दिखाई हिम्मत, बदमाश को भगाने की कोशिश
वारदात के दौरान एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का मुकाबला करने की कोशिश की। वीडियो में वह एक आरोपी को हाथ से मारकर वहां से भगाने का प्रयास करती दिखाई दे रही है। सड़क पर गिरने के कारण दोनों महिलाओं को हल्की चोटें भी आई हैं।
24 सेकेंड के वीडियो में कैद हुई पूरी वारदात
घटना का करीब 24 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है। फुटेज में दोनों महिलाएं सड़क पर साथ-साथ चलती नजर आती हैं। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद पीछे से दो बदमाश तेजी से दौड़ते हुए आते हैं और महिलाओं को पकड़कर नीचे गिरा देते हैं।
इसी दौरान तीसरा आरोपी भी मौके पर पहुंच जाता है। कुछ ही सेकेंड में महिलाओं के कानों से बालियां निकालने के बाद तीनों बदमाश वहां से भाग निकलते हैं।
CCTV से आरोपियों की तलाश में पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है और उसमें दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।



















