Home Crime महिला पर मॉल में घी-तेल चोरी का आरोप, बैग में भरे थे...

महिला पर मॉल में घी-तेल चोरी का आरोप, बैग में भरे थे 1-1 किलो के डिब्बे

नोएडा। राजवीर दीक्षित 

(Woman accused of stealing ghee and oil at a mall; her bag was packed with 1-kg tins) नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में एक महिला पर घी और तेल बिना भुगतान किए बैग में रखने का आरोप लगा। सिक्योरिटी टीम ने महिला को मॉल से बाहर निकलते समय रोक लिया। इस दौरान महिला मोबाइल से अपना चेहरा छिपाती नजर आई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7:30 बजे महिला अपने पति के साथ मॉल के एक स्टोर में पहुंची थी। आरोप है कि महिला ने स्टोर से एक किलो घी का डिब्बा और एक किलो तेल की बोतल अपने बैग में रख ली और बिना बिल कराए बाहर निकल गई।

बैग चेक करने पर हुआ विवाद

महिला के बाहर निकलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोककर बैग चेक कराने को कहा। महिला ने बैग दिखाने से इनकार कर दिया और सिक्योरिटी स्टाफ से बहस करने लगी। मामला बढ़ने पर अन्य सुरक्षाकर्मी और स्टोर कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद स्टोर की CCTV फुटेज खंगाली गई। फुटेज में महिला कथित तौर पर घी और तेल बैग में रखते हुए दिखाई दी। इसके बाद महिला को वापस स्टोर के अंदर ले जाया गया और उसके बैग से सामान बरामद किया गया।

CCTV ने खोला राज

स्टोर कर्मचारियों के मुताबिक, महिला और उसके साथ आए व्यक्ति को पहले भी कई बार स्टोर में देखा गया था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि यह चोरी की चौथी घटना थी और 15 अगस्त के बाद से ऐसी घटनाएं सामने आ रही थीं।

वीडियो में एक कर्मचारी यह भी दावा करता सुनाई दे रहा है कि पहले भी करीब 4 हजार रुपये का घी और अन्य सामान चोरी किया जा चुका है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बिल भरने के बाद मामला शांत

घटना के बाद महिला के पति को भी स्टोर के अंदर बुलाया गया। स्टोर कर्मचारियों ने दोनों से पूछताछ की और महिला से बरामद सामान का बिल चुकाने को कहा। बाद में महिला ने सामान का भुगतान कर दिया।

DLF चौकी इंचार्ज के अनुसार, बिना भुगतान सामान ले जाने को लेकर महिला और सिक्योरिटी टीम के बीच विवाद हुआ था। भुगतान के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और मामला शांत हो गया। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वीडियो में चेहरा छिपाती दिखी महिला

सामने आए वीडियो में सिक्योरिटी टीम महिला को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। इस दौरान महिला मोबाइल से अपना चेहरा छिपाती नजर आती है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में कोई शिकायत नहीं होने के कारण कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

Translate »
error: Content is protected !!