Home BJP BJP का ‘Gen-G कनेक्ट’ प्लान तैयार,युवाओं से सीधे संवाद करेगी पार्टी;

BJP का ‘Gen-G कनेक्ट’ प्लान तैयार,युवाओं से सीधे संवाद करेगी पार्टी;

नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित 

(BJP’s ‘Gen-G Connect’ plan is ready; the party will engage in direct dialogue with the youth) भारतीय जनता पार्टी ने युवा वोटर्स, खासकर Gen-G तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए नई रणनीति तैयार की है। पार्टी ने युवाओं से सीधे संवाद और उनकी सोच, समस्याओं व अपेक्षाओं को समझने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े समेत गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं।

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

14 से 25 साल के युवाओं पर फोकस

भाजपा की नई रणनीति में 14 से 25 साल की उम्र के युवाओं को जोड़ने पर खास जोर दिया गया है। इसके लिए ‘युवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पार्टी नेताओं के माध्यम से युवाओं से सीधे बातचीत की जाएगी और उनकी शिक्षा, रोजगार, भविष्य, सामाजिक मुद्दों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास होगा। युवाओं को भी भाजपा नेताओं के सामने अपने सवाल और मुद्दे रखने का अवसर दिया जाएगा।

‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना

राष्ट्रीय टीम की बैठक में वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ भी प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो पैरा गाए जाने के फैसले की आलोचना की।

भाजपा का कहना है कि वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत और सम्मान से राजनीतिक सुविधा के लिए समझौता नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी ने राष्ट्रगीत के इतिहास और महत्व को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का फैसला किया है।

युवाओं के बीच वंदे मातरम् का इतिहास पहुंचाएगी BJP

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि नई पीढ़ी को वंदे मातरम् के इतिहास और उसके महत्व से परिचित कराने की जरूरत है। पार्टी खासतौर पर युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

यह मुद्दा उस समय और गरमा गया जब कांग्रेस कार्यसमिति ने अपने पुराने फैसले पर कायम रहते हुए पार्टी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के पहले दो पैरा गाने की व्यवस्था को बरकरार रखने का फैसला किया।

यूनिवर्सिटी तक पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री

युवाओं से जुड़ने की रणनीति सिर्फ भाजपा संगठन तक सीमित नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से भी यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रोग्राम के जरिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों से सीधे संवाद की तैयारी की जा रही है।

इस पहल के तहत केंद्रीय मंत्री अलग-अलग विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों से बातचीत करेंगे। छात्र अपनी समस्याएं, विचार और सवाल सीधे मंत्रियों के सामने रख सकेंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं के साथ सीधा संवाद बढ़ाने और उन्हें केंद्र की योजनाओं व नीतियों से अवगत कराना है।

कुल मिलाकर BJP ने Gen-G को लेकर संगठन और सरकार—दोनों स्तरों पर आउटरीच बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है।

Translate »
error: Content is protected !!