Home accident रक्षाबंधन से पहले मातम, सांप के डसने से भाई-बहन ने तोड़ा दम

रक्षाबंधन से पहले मातम, सांप के डसने से भाई-बहन ने तोड़ा दम

रक्षाबंधन से पहले मातम, सांप के डसने से भाई-बहन ने तोड़ा दम

लुधियाना। राजवीर दीक्षित

रक्षाबंधन से पहले लुधियाना के बस्सियां गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। घर के आंगन में सो रहे 8 वर्षीय भाई और 6 वर्षीय बहन को सांप ने डस लिया। परिवार को शुरुआत में लगा कि बच्चों को मच्छर या किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन हालत बिगड़ने पर हाथ पर डंक के निशान मिले और खाट के नीचे सांप दिखाई दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान जोबनप्रीत सिंह (8) और जशनप्रीत कौर (6) के रूप में हुई है। जोबनप्रीत तीसरी कक्षा में पढ़ता था, जबकि जशनप्रीत पहली कक्षा की छात्रा थी। त्योहार से ठीक पहले दोनों बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

गर्मी के कारण आंगन में सो रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक अमनदीप सिंह का परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में खाट बिछाकर सो रहा था। परिवार में अमनदीप सिंह, उनकी पत्नी, तीन बच्चे और उनकी मां जिंदर कौर मौजूद थीं। जोबनप्रीत और जशनप्रीत अपनी दादी के पास सोए हुए थे।

पहले भाई ने बताया- हाथ में किसी ने काटा

बुधवार तड़के करीब 3 बजे जोबनप्रीत ने दादी को बताया कि उसके हाथ में किसी कीड़े ने काटा है। शुरुआत में परिवार ने इसे मच्छर का काटना समझा। लेकिन बच्चे ने बताया कि उसे जोर से काटा गया है और वह रोने लगा।

परिजनों ने जब उसके हाथ को देखा तो वहां डंक का निशान था। इसी दौरान खाट के नीचे सांप भी नजर आया। इसके बाद परिवार को सांप के काटने की जानकारी हुई।

हाथ बांधकर अस्पताल ले गए

सांप के डसने का पता चलते ही परिवार ने जहर फैलने से रोकने के लिए बच्चे का हाथ बांध दिया। इसी बीच जोबनप्रीत को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उसकी बहन जशनप्रीत की हालत भी बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगी।

परिजन दोनों बच्चों को तुरंत सिविल अस्पताल रायकोट लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचते ही बहन ने दम तोड़ा

अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों के सांप के काटने की पुष्टि की। डॉक्टरों ने 6 वर्षीय जशनप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जोबनप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण उसे लुधियाना के CMC अस्पताल रेफर किया गया।

करीब 18 घंटे बाद भाई की भी मौत

CMC अस्पताल में जोबनप्रीत को पेडियाट्रिक ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने के प्रयास किए, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि जहर उसके शरीर में फैल चुका था।

बुधवार देर रात करीब 11 बजे जोबनप्रीत ने भी दम तोड़ दिया। उसकी बहन की मौत सुबह करीब 5 बजे हुई थी। इस तरह करीब 18 घंटे के भीतर दोनों भाई-बहन की मौत हो गई।

रक्षाबंधन से पहले घर में पसरा मातम

दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते थे और रक्षाबंधन को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन सांप के डसने की इस घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पिता अमनदीप सिंह के मुताबिक, गर्मी के कारण परिवार अक्सर आंगन में ही सोता था और घटना वाली रात भी सभी वहीं सोए थे।

Translate »
error: Content is protected !!