Home Himachal Pradesh तलवारबाजी में विश्वजीत ने रचा इतिहास, थाईलैंड में भारत को दिलाया मेडल

तलवारबाजी में विश्वजीत ने रचा इतिहास, थाईलैंड में भारत को दिलाया मेडल

सिरमौर । राजवीर दीक्षित

(Vishwajeet creates history in fencing, wins a medal for India in Thailand) सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के मलाना गांव निवासी तलवारबाज विश्वजीत ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल का नाम रोशन किया है। बैंकॉक में आयोजित थाईलैंड ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में विश्वजीत ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। चार सदस्यीय भारतीय टीम में विश्वजीत के अलावा मणिपुर के दो और जम्मू के एक खिलाड़ी शामिल रहे। विश्वजीत की इस उपलब्धि से उनके गांव और पूरे सिरमौर में खुशी का माहौल है।

खिलाड़ी से कोच तक, विश्वजीत का शानदार सफर

विश्वजीत ठाकुर का खेल करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। फेंसिंग में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर 8 पदक जीते, जबकि खेलो इंडिया में 3 और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 4 पदक अपने नाम किए। खेल के मैदान में सफलता हासिल करने के बाद अब वह NSNIS सर्टिफाइड कोच के तौर पर भी नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान दे रहे हैं। उनका सफर संघर्ष, निरंतरता और सफलता की मिसाल है।

विश्वजीत का अगला लक्ष्य ओलंपिक पदक

विश्वजीत ठाकुर ने कहा कि एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन अब उनका सबसे बड़ा सपना ओलंपिक में टीम इंडिया की ओर से खेलकर देश के लिए पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह लगातार मेहनत और अपने खेल में सुधार करते रहेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शादीलाल गोस्वामी ने विश्वजीत समेत पूरी भारतीय फेंसिंग टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

हिमाचल के युवा खिलाड़ियों को मिला हौसला

एसोसिएशन के महासचिव अतुल ठाकुर ने कहा कि विश्वजीत की लगातार सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने के साथ अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी अपनी प्रतिभा साबित की है। उनकी उपलब्धियों ने हिमाचल को खेल के नक्शे पर मजबूती से पहचान दिलाई है। यह सफलता प्रदेश के उन युवाओं के लिए खास तौर पर प्रेरणादायक है, जो खेलों में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं।

अतुल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और प्रयासों से प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है। युवा खिलाड़ियों को यदि इसी तरह प्रोत्साहन और सुविधाएं मिलती रहीं तो हिमाचल की प्रतिभाएं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

Translate »
error: Content is protected !!