बिलासपुर।राजवीर दीक्षित
बिलासपुर से शिमला को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-205 पर मंगलवार को सड़क का एक हिस्सा धंसने से यातायात बाधित हो गया। खटोला गांव के पास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान यह स्थिति सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, नौनी/ब्रह्मपुखर की ओर से शिमला जाने वाले वाहनों को जबलपुर–खरसी मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं, शिमला से बिलासपुर आने वाले वाहनों के लिए दरलामोड़–मलोहखर–खरसी मार्ग निर्धारित किया गया है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कहा है कि मानसून के दौरान पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में सड़क धंसने की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्राधिकरण ने यात्रियों से सावधानी बरतने, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौके पर तैनात अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।


















