शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पूर्व शिमला एसएसपी संजीव कुमार गांधी को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, शिमला का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया है। इससे पहले वह कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात थे।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, यह तबादला सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिश पर किया गया है। गांधी 2009 बैच के हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HPAS) अधिकारी भूपिंदर कुमार की जगह लेंगे, जिन्हें इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
संजीव गांधी की एक साल के भीतर यह तीसरी नई तैनाती है। 23 जनवरी 2026 को उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नत किया गया था। इसके बाद 9 फरवरी को उन्हें हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त करने का आदेश जारी हुआ, लेकिन 24 फरवरी को उन्हें फिर कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए।
24 मार्च को उन्हें डीआईजी, ट्रैफिक, टूरिज्म एंड रेलवे (TTR) के पद पर तैनात किया गया। 10 अगस्त को उन्हें दोबारा कार्मिक विभाग के अधीन कर दिया गया। इसके बाद 7 अक्टूबर को उन्हें कांगड़ा स्थित पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया था।
संजीव गांधी शिमला में उनके खिलाफ दर्ज दो एफआईआर को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। इनमें धोखाधड़ी और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है।
मामले में आरोपों की जांच जारी है और उनकी पुष्टि होना अभी बाकी है।


















