Home Local news नंगल में 20 साल बाद पानी की राहत, टैंकरों से मिला छुटकारा!

नंगल में 20 साल बाद पानी की राहत, टैंकरों से मिला छुटकारा!

नंगल। राजवीर दीक्षित।

(Relief regarding water after 20 years—freedom from tankers!) रूपनगर जिले के नंगल के वार्ड नंबर-1 स्थित वर्मला गांव में करीब दो दशक से चली आ रही पेयजल समस्या का अब समाधान हो गया है। गांव में नया बोर सफल होने के बाद स्थानीय लोगों को रोजाना पानी के टैंकरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नए बोर का उद्घाटन कर इसे गांववासियों को समर्पित किया।

20 साल से टैंकरों के सहारे चल रहा था काम

पानी की किल्लत के चलते नगर कौंसिल की ओर से गांव में रोजाना 3 से 4 पानी के टैंकर भेजे जाते थे। लंबे समय से ग्रामीणों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए इन्हीं टैंकरों का इंतजार करना पड़ता था।

ग्रामीणों की करीब 20 साल पुरानी मांग को देखते हुए नए बोर का काम शुरू किया गया। इससे अब गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति को लेकर उम्मीद जगी है।

दो प्रयास हुए फेल, तीसरी कोशिश में मिली सफलता

कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि गांव में इससे पहले दो अलग-अलग स्थानों पर बोर करने का प्रयास किया गया था, लेकिन दोनों बार सफलता नहीं मिली। तीसरे स्थान पर किए गए प्रयास में बोर सफल रहा।

उन्होंने कहा कि नए बोर के शुरू होने से गांववासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलेगी और पानी के टैंकरों पर निर्भरता कम होगी।

मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

उद्घाटन के बाद मंत्री बैंस ने गांव के राधा कृष्ण मंदिर में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने उनके सामने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं। मंत्री ने संबंधित मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान होने पर मंत्री और प्रशासन का आभार जताया। उनका कहना है कि टैंकरों के इंतजार से अब काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला प्रधान डॉ. संजीव गौतम, नगर कौंसिल नंगल प्रधान किरण बाला, सुमित अग्नि संदल, दिलबाग सिंह चंदेल, सरपंच अमरीक सिंह, जगीरी लाल, दर्शन सिंह, जनकराज, जस्सा, जगतार सिंह पंच, एम.वी. युद्धवीर सिंह, एसडीओ मनजीत सिंह, जेई जोशी और सुपरवाइजर दिनेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!