Home crime पूर्व कर्मचारी और ड्राइवर ने रची कारोबारी को लूटने की साजिश

पूर्व कर्मचारी और ड्राइवर ने रची कारोबारी को लूटने की साजिश

जालंधर। राजवीर दीक्षित

(Former employee and driver hatched a plot to rob a businessman) जालंधर में 60 वर्षीय लोहा कारोबारी से 72 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात सोमवार रात सूर्या एन्क्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फुटी रोड पर हुई थी। कार सवार बदमाशों ने कारोबारी की गाड़ी को घेरकर पहले टक्कर मारी और फिर लोहे की रॉड से हमला कर कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

पीछा कर रही थी संदिग्ध कार

लोहा कारोबारी और सीजेएस स्कूल के मालिक ललित मित्तल के मुताबिक, वह टांडा रोड स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। किशनपुरा से 120 फुटी रोड पर पहुंचने के दौरान उन्हें एक सफेद रंग की कार काफी देर से पीछा करती दिखाई दी। 120 फुटी रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण उन्हें खतरे का अंदेशा हुआ। उन्होंने अपनी कार की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन संदिग्ध कार ने आगे आकर रास्ता रोक दिया।

कार में टक्कर मारकर किया हमला

लुटेरों ने कारोबारी को कार रोकने का इशारा किया। खतरा भांपते हुए उन्होंने गाड़ी पीछे करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने अपनी कार से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।इसके बाद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़े और कारोबारी के माथे पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। हमलावर गाड़ी में रखा 72 लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

पूर्व कर्मचारी और ड्राइवर पर साजिश का शक

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात की साजिश में कारोबारी से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक पूर्व महिला कर्मचारी और ड्राइवर ने कारोबारी के कैश लेकर आने-जाने के समय की जानकारी जुटाई थी। आरोप है कि रेकी के बाद लूट की पूरी योजना तैयार की गई और बाहरी आरोपियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया गया।

हिमाचल की तरफ भागे थे आरोपी

वारदात के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में बाकी आरोपियों की भूमिका और लूट की रकम की बरामदगी को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

Translate »
error: Content is protected !!