Home Himachal Pradesh नशा तस्कर की करोड़ों की कमाई पर पुलिस का वार, 1.97 करोड़...

नशा तस्कर की करोड़ों की कमाई पर पुलिस का वार, 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज!

सोलन राजवीर दीक्षित

(Police strike at drug smuggler’s ill-gotten wealth worth crores; assets worth ₹1.97 crore frozen) नशे के कारोबार से अवैध कमाई करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने अब सीधा आर्थिक मोर्चा खोल दिया है। 10 किलो से ज्यादा गांजे के साथ पकड़े गए आरोपी राहुल गुप्ता की करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है।

थाना बद्दी में दर्ज FIR नंबर 265/2025 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, निवासी सारण बिहार और वर्तमान निवासी बद्दी, को 10.330 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने सिर्फ नशे की बरामदगी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि नशे से अर्जित संपत्ति की जड़ तक पहुंचने के लिए वित्तीय जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आई संपत्तियों में बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर-7 में 6 बिस्वा जमीन और तीन मंजिला भवन शामिल है, जिसकी कीमत करीब 1,71,64,271 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 24,69,725 रुपये कीमत की Scorpio-N गाड़ी और विभिन्न बैंक खातों में जमा 1,42,251 रुपये भी फ्रीज किए गए हैं।

इस कार्रवाई की पुष्टि सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM(FOP) Act एवं NDPS Act, नई दिल्ली की ओर से की गई है।

खास बात यह है कि पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल गुप्ता की मां रिंकू देवी भी पहले नशे के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। वर्ष 2022 में उसके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की गई थी।

यानी बद्दी पुलिस का संदेश साफ है—नशे का कारोबार सिर्फ जेल तक नहीं पहुंचेगा, बल्कि नशे की कमाई से खड़ी की गई संपत्ति पर भी कार्रवाई होगी।

Translate »
error: Content is protected !!