Home Himachal Pradesh PG में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का आरोप, वीडियो बना पुलिस के...

PG में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का आरोप, वीडियो बना पुलिस के पास पहुंचीं पीड़िताएं

हमीरपुर । राजवीर दीक्षित

(Allegations of molestation of girls at a PG; victims approach police with video evidence.) हमीरपुर से सामने आई यह खबर उन परिवारों की चिंता बढ़ा सकती है, जो अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए घर से दूर भेजते हैं। सवाल यह है कि जब छात्राएं पीजी में भी खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस न कर पाएं तो आखिर भरोसा किस पर किया जाए? मामला हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर-10 का है, जहां एक पीजी में रहने वाली छात्राओं ने सामने वाले घर में रहने वाले अधेड़ व्यक्ति पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति अक्सर छात्राओं को देखकर आपत्तिजनक हरकतें करता था। शुरुआत में छात्राओं ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन लगातार परेशान किए जाने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और पुलिस को शिकायत दी।

कैमरे में कैद हुई आरोपी की हरकत, छात्राओं ने खोली पोल

छात्राओं का आरोप है कि हमीरपुर में एक व्यक्ति लंबे समय से उन्हें देखकर आपत्तिजनक हरकतें करता था। बार-बार ऐसी स्थिति का सामना करने के बाद छात्राओं ने उसकी हरकतों को रिकॉर्ड करने का फैसला किया। हाल ही में जैसे ही उसने फिर कथित तौर पर अश्लील हरकत की, छात्राओं ने वीडियो बना लिया। अब इस वीडियो के सामने आने से मामले ने तूल पकड़ लिया है।

1100 पर शिकायत के बाद पुलिस को दी सूचना, कार्रवाई का इंतजार

घटना की जानकारी सामने आने के बाद मकान मालिक सुरजीत गौतम को पूरे मामले से अवगत कराया गया। छात्राओं द्वारा संबंधित व्यक्ति की हरकत का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद सुरजीत गौतम ने 1100 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस को मामले की सूचना दी। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति उनका पड़ोसी है। मकान मालिक ने साफ कहा कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वह पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले को गंभीरता से उठाएंगे।

PG में रहने वाले युवाओं को चाहिए सुरक्षित माहौल

हमीरपुर में हजारों की संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई और रोजगार के अवसरों के लिए अलग-अलग इलाकों में रहते हैं। इनमें से काफी छात्र-छात्राएं पीजी का सहारा लेते हैं।
ऐसे में किसी भी तरह की आपराधिक या संदिग्ध घटना केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे छात्र समुदाय में डर का माहौल पैदा कर सकती है। पुलिस को संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की जरूरत है।

घर से दूर रहकर भविष्य बनाने आए विद्यार्थियों की सुरक्षा सिर्फ परिवार की चिंता नहीं, बल्कि पुलिस और प्रशासन की भी बड़ी जिम्मेदारी है।

Translate »
error: Content is protected !!