Home Himachal Pradesh ब्लास्टिंग के काम दौरान बंद रहेगा SKTT रोड! यात्रियों के लिए जारी...

ब्लास्टिंग के काम दौरान बंद रहेगा SKTT रोड! यात्रियों के लिए जारी हुआ अलर्ट

लाहौल-स्पीति । राजवीर दीक्षित

(SKTT Road to remain closed during blasting operations! Alert issued for commuters) लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने SKTT यानी संसारी-किलाड़-टिंडी-टांडी सड़क को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन (BRO) की ओर से सड़क निर्माण और सुरक्षा कार्यों के तहत नियंत्रित ब्लास्टिंग की जा रही है। इसके चलते ब्लास्टिंग पूरी होने तक हर मंगलवार और शुक्रवार को निर्धारित समय के दौरान SKTT रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से तय समय में इस मार्ग पर यात्रा न करने की अपील की है।

लाहौल एवं स्पीति की DC किरण भडाना ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत काडू-नाला में KM 70.000 से KM 85.500 तक के हिस्से में ब्लास्टिंग के निर्धारित समय के दौरान यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा। इस दौरान स्थानीय लोगों, पर्यटकों, वाहन चालकों और निर्माण कार्य में जुटे कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। प्रशासन ने सभी लोगों से तय समय में इस मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से सड़क बंद रखने का पूरा शेड्यूल जारी किया गया है। इसके मुताबिक मंगलवार सुबह 11 बजे से बुधवार दोपहर 2 बजे तक सड़क पर किसी भी तरह की आवाजाही नहीं होगी। वहीं, शुक्रवार सुबह 11 बजे से शनिवार दोपहर 2 बजे तक भी सड़क बंद रखी जाएगी। निर्धारित समय के बाद सड़क खोलने का फैसला सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के आधार पर लिया जाएगा। सभी जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सक्षम अधिकारी सड़क को आम जनता के लिए सुरक्षित घोषित करेंगे, जिसके बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।

प्रशासन के मुताबिक, नियंत्रित ब्लास्टिंग का पूरा काम अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त ब्लास्टर की निगरानी में किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों और कानूनी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम किसी भी संभावित खतरे को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, यात्रियों, वाहन चालकों, पर्यटकों और आम जनता से अपील की है कि वे ब्लास्टिंग के निर्धारित समय और मार्ग बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं होगी।

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा। मौके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित करने, ब्लास्टिंग से निकले मलबे को हटाने और किसी तरह का खतरा न होने की पुष्टि के बाद ही आवाजाही बहाल की जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!