लंदन। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(Ganga Aarti held on the banks of the Thames in London for the first time; massive crowds turn out) ब्रिटेन की राजधानी लंदन में रविवार को थेम्स नदी के किनारे पहली बार गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया। चिन्मय मिशन यूके और टोटली थेम्स के संयुक्त आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में भजन, मंत्रोच्चार और दीपों के साथ वाराणसी के घाटों जैसा आध्यात्मिक माहौल नजर आया।
वाराणसी की परंपरा, थेम्स के किनारे दिखी
ग्रीनविच स्थित ओल्ड रॉयल नेवल कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम को ‘गंगा आरती ऑन द थेम्स’ नाम दिया गया था। सूर्यास्त के समय आरती और मंत्रोच्चार के बीच लोगों ने नदी के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। आयोजन चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रमों का हिस्सा था।
नदी में नहीं बहाए दीप और पूजा सामग्री
आयोजन की खास बात यह रही कि आरती के दौरान दीप, फूल या अन्य पूजा सामग्री थेम्स नदी में नहीं डाली गई। दीपों को नदी में प्रवाहित करने के बजाय किनारे पर ही रखा गया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण और कचरा कम करने पर भी जोर दिया गया।
संस्कृति और पर्यावरण का संगम
चिन्मय मिशन के अनुसार, गंगा आरती के जरिए नदी, प्रकृति और जीवन के प्रति कृतज्ञता की भावना को लंदन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। वहीं टोटली थेम्स महोत्सव के तहत पूरे सितंबर में थेम्स नदी से जुड़े कला, पर्यावरण, विरासत और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हर साल हो सकता है आयोजन
पहली बार हुए इस आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के साथ नदी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। आयोजन के सफल रहने के बाद भविष्य में थेम्स के किनारे इस तरह की आरती को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।



















