Home Himachal Pradesh 194 डॉक्टरों को मिली नई पोस्टिंग, 76 मेडिकल ऑफिसर एक साल के...

194 डॉक्टरों को मिली नई पोस्टिंग, 76 मेडिकल ऑफिसर एक साल के लिए जॉब ट्रेनी नियुक्त

शिमला । राजवीर दीक्षित

(194 doctors receive new postings; 76 Medical Officers appointed as job trainees for one year) हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने कुल 194 मेडिकल ऑफिसरों को लेकर आदेश जारी किए हैं। इनमें 118 विशेषज्ञ मेडिकल ऑफिसरों की तैनाती की गई है, जबकि 76 डॉक्टरों को जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया गया है। यह आदेश राज्यपाल की ओर से 14 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना और कार्यालय आदेश के तहत सामने आया है।

PG खत्म होते ही 118 डॉक्टरों की नई जिम्मेदारी तय, अस्पतालों में हुई तैनाती

स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पीजी पूरा करने वाले 118 मेडिकल ऑफिसरों को नई पोस्टिंग दी है। इन डॉक्टरों ने शिमला, टांडा, हमीरपुर और नेरचौक स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी पाठ्यक्रम पूरा किया है। इनमें कुछ चिकित्सक सीनियर रेजिडेंट के तौर पर कार्यरत थे, जबकि अन्य ने पीजी पूरी करने के बाद विशेषज्ञ के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और अधिक प्रभावी उपचार मिलने की उम्मीद है।

दूरदराज के मरीजों को बड़ी राहत, प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति कर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया है। जिला अस्पतालों, क्षेत्रीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अलग-अलग विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों को तैनाती दी गई है।

चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, ऊना, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए बड़े शहरों या मेडिकल कॉलेजों का रुख करने की जरूरत कम पड़ सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने 76 मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति को दी मंजूरी

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 76 मेडिकल ऑफिसरों को जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार नियुक्ति की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित डॉक्टरों में विभिन्न विशेषज्ञताओं में पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने वाले तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्त किए गए मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं। संबंधित डॉक्टर तय अवधि के दौरान विभाग के अधीन अपनी सेवाएं देंगे।
जॉब ट्रेनी डॉक्टरों को 60,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। आदेश के अनुसार यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग की अधिसूचनाओं और निर्धारित शर्तों के तहत की गई है। डॉक्टरों को नियुक्ति से पहले चरित्र, पूर्ववृत्त और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

डॉक्टरों की तैनाती पर विभाग का बड़ा एक्शन, तुरंत ज्वाइनिंग के फरमान

स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित मेडिकल ऑफिसरों को नई तैनाती वाले स्थानों पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से कहा गया है कि ज्वाइनिंग के बाद सभी डॉक्टर निर्धारित माध्यम से अपनी रिपोर्ट स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भेजें।
वहीं, आदेश की पालना करवाने की जिम्मेदारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को भी सौंपी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक, मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, चिकित्सा अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने साफ किया है कि आदेशों की पालना में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

Translate »
error: Content is protected !!