शिमला / ऊना। राजवीर दीक्षित
(Instructions issued to accelerate work on the Himachal Bulk Drug Park; Industries Minister directs departments) ऊना के हरोली में बनने वाले बल्क ड्रग पार्क को लेकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सभी विभागों को बल्क ड्रग पार्क से जुड़े चल रहे कार्यों में तेजी लाने और उन्हें तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।बुधवार को हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग पार्क इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (HPBDPIL) की 15वीं हाई पावर्ड कमेटी बैठक की अध्यक्षता करते उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बल्क ड्रग पार्क परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
टेंडर के काम में देरी न हो
हर्षवर्धन चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बल्क ड्रग पार्क से संबंधित सभी टेंडरों को जमीन पर बिना किसी देरी के लागू किया जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी और परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समय पर समाधान करने पर भी जोर दिया।
फार्मा कंपनियों को निवेश के लिए किया जाएगा आमंत्रित
उद्योग मंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल प्रदेश के फार्मास्यूटिकल सेक्टर को मजबूत करने और राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पार्क में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए जल्द ही बड़ी फार्मास्यूटिकल कंपनियों के साथ चर्चा की जाएगी।
रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
चौहान ने कहा कि परियोजना में देश की प्रमुख फार्मास्यूटिकल कंपनियों को आकर्षित करना जरूरी है। इससे राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।बैठक के दौरान बल्क ड्रग पार्क के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित समन्वय बनाए रखने और स्वीकृत समयसीमा के अनुसार परियोजना को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।



















