Home Himachal Pradesh पानी के बिल पर निगम का ‘एक्शन मोड’, 97 कनेक्शन कटे, 83...

पानी के बिल पर निगम का ‘एक्शन मोड’, 97 कनेक्शन कटे, 83 लाख की रिकवरी

सोलन । राजवीर दीक्षित

(Municipal Corporation in ‘action mode’ over water bills: 97 connections disconnected, ₹83 lakh recovered) सोलन नगर निगम ने लंबे समय से पानी के बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम के अनुसार 1,383 उपभोक्ताओं पर करीब 3.20 करोड़ रुपये का पानी का बिल बकाया है। इनमें व्यापारी, निजी स्कूल और रियल एस्टेट कारोबारी जैसे बड़े उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिन पर व्यक्तिगत रूप से 5 लाख रुपये तक की देनदारी है।करीब एक सप्ताह पहले शुरू किए गए वसूली अभियान के तहत अब तक नगर निगम 83.34 लाख रुपये की वसूली कर चुका है, जबकि 97 पानी के कनेक्शन काटे गए हैं।
नगर निगम की ओर से पहले बकायेदारों को नोटिस जारी कर बिल जमा करने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने पर अब कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
सोलन MC की असिस्टेंट इंजीनियर कल्पना ठाकुर ने बताया कि अभियान अभी जारी है और बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।कनेक्शन दोबारा तभी जोड़ा जाएगा, जब उपभोक्ता पूरा बकाया बिल 10 प्रतिशत जुर्माने के साथ जमा करेगा। निगम इस कार्रवाई के दौरान बकायेदारों से हाउस टैक्स और कचरा उठाने का शुल्क भी वसूल रहा है।
यानी अब पानी का बिल नहीं भरना जेब पर भारी पड़ सकता है।

कचरे के खर्च और वसूली में बड़ा अंतर, शुल्क बढ़ाने की मांग पर नहीं बनी सहमति

स्थानीय निवासियों पर कचरा निपटान शुल्क का लाखों रुपये का बकाया है। हर साल शहर से कचरा उठाने, उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और प्रोसेस करने में करीब 6 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन इसके मुकाबले कचरा शुल्क से महज 1 करोड़ रुपये ही जुट पाते हैं। यानी खर्च और वसूली के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। कुछ पार्षदों ने इस घाटे को कम करने के लिए कचरा कलेक्शन शुल्क बढ़ाने की मांग उठाई है, लेकिन आम सहमति नहीं बनने के कारण फिलहाल इस पर फैसला अटका हुआ है।

17 वार्डों की सफाई व्यवस्था 161 कर्मचारियों के भरोसे, करीब 10 करोड़ टैक्स बकाया

नगर निकाय की मौजूदा तस्वीर आंकड़ों में देखें तो 17 वार्ड, करीब 12 हजार घर, 161 कर्मचारी और 12 कचरा वाहन सफाई व्यवस्था की रीढ़ बने हुए हैं। घरों से एक दिन छोड़कर कचरा उठाया जाता है। 12 वाहन रोजाना तीन चक्कर लगाकर कचरे को सलोगा गांव स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाते हैं।

दूसरी ओर राजस्व के मोर्चे पर नगर निकाय के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। अगस्त 2022 में नए आकलन के बाद हाउस टैक्स की नई दरें लागू की गई थीं। बावजूद इसके कुछ लोगों पर पुराना बकाया अब भी कायम है। इसमें 2020 में नगर निगम बनने से पहले वसूले जाने वाले कंजर्वेंसी टैक्स की राशि भी शामिल है। अनुमान के अनुसार करीब 10 करोड़ रुपये का टैक्स अब तक बकाया है।

बकाया नहीं चुकाया तो नोटिस तैयार! सोलन में नगर निकाय ने शुरू किया वार्ड-वार वसूली अभियान

सोलन नगर निकाय ने लंबे समय से बकाया राशि नहीं चुकाने वाले प्रॉपर्टी मालिकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर निकाय के कर्मचारी अब वार्ड-वार ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर रहे हैं, जिन्होंने पहले जारी की गई समय-सीमाओं को गंभीरता से नहीं लिया।

अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते बकाये ने नगर निकाय की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। आय सीमित है, लेकिन खर्च लगातार जारी हैं। कर्मचारियों की सैलरी के साथ पेंशन और अन्य नियमित मदों पर हर महीने कम से कम 1.5 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!