Home Crime बॉयफ्रेंड की दी सुपारी! 9 युवकों से पिटवाया, अस्पताल में मौत

बॉयफ्रेंड की दी सुपारी! 9 युवकों से पिटवाया, अस्पताल में मौत

गुरदासपुर/पठानकोट। राजवीर दीक्षित 

(Contract put out on boyfriend! Had him beaten by 9 youths; he died in the hospital) गुरदासपुर में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए कुछ युवकों को पैसे दिए, जिसके बाद युवक पर बेरहमी से हमला किया गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती तेजिंदर सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने कथित तौर पर कहा कि उसने युवकों को सिर्फ तेजिंदर के हाथ-पैर तोड़ने के लिए पैसे दिए थे, उसकी हत्या करने के लिए नहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 3 सदस्यीय SIT गठित कर जांच शुरू कर दी है।

3 साल चला रिश्ता, फिर आई दरार

मृतक तेजिंदर सिंह गुरदासपुर के खोखरा गांव का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले स्कूल के दिनों में उसकी एक लड़की से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता आगे बढ़ा।

परिवार का दावा है कि बाद में तेजिंदर को पता चला कि लड़की अन्य युवकों के संपर्क में भी थी। इसके बाद उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और करीब तीन महीने पहले रिश्ता खत्म करने का फैसला किया।

रिश्ता टूटा तो शुरू हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, तेजिंदर के दूरी बनाने के बाद दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। आरोप है कि लड़की उसका पीछा करते हुए मुकेरियां तक पहुंची। दोनों के बीच रेस्टोरेंट और होटल में भी काफी देर तक बहस हुई।

परिजनों का यह भी आरोप है कि चक्क शरीफ बाजार में सामान लौटाने के दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और लड़की ने तेजिंदर का मोबाइल फोन तोड़ दिया।

हमले से 2 दिन पहले बहन को आया मैसेज

तेजिंदर की बहन तनवीर के मुताबिक, 18 सितंबर को हुए हमले से दो दिन पहले लड़की ने अपनी सहेली के फोन से उसे मैसेज किया था। बहन का दावा है कि मैसेज में लड़की ने तेजिंदर के रिश्ता खत्म करने की बात कही थी।

बहन ने उसे तेजिंदर से दूरी बनाए रखने को कहा। परिवार का आरोप है कि इसके बाद विवाद और बढ़ गया और तेजिंदर को सबक सिखाने की साजिश रची गई।

भूसा गांव में बुलाया, फिर हुआ हमला

परिवार के आरोपों के अनुसार, 18 सितंबर की शाम तेजिंदर को मिलने के लिए बुलाया गया। वह भूसा गांव पहुंचा, जहां पहले से कई युवक मौजूद थे। आरोप है कि वहां युवकों ने उस पर हमला कर दिया।

हमले में तेजिंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई दिनों तक उसका उपचार चला।

29 सितंबर को वेंटिलेटर पर तोड़ा दम

हमले के बाद तेजिंदर की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। 29 सितंबर को वेंटिलेटर पर उसकी मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।

परिजनों का कहना है कि वे तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।

नाबालिग हिरासत में, SIT करेगी जांच

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को तेजिंदर के पिता कुलदीप सिंह की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। परिवार ने स्थानीय पुलिस की जांच पर असंतोष जताया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन सदस्यीय SIT गठित की गई।

पुलिस ने मामले में नामजद 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस कथित तौर पर शामिल अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मृतक के परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की है।

Translate »
error: Content is protected !!