Home Legal स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के VC हटेंगे! 3 हफ्ते में इस्तीफा

स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के VC हटेंगे! 3 हफ्ते में इस्तीफा

पंचकूला। राजवीर दीक्षित 

(Sports University VC to step down! Resignation in 3 weeks) हरियाणा की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के वाइस चांसलर (VC) और पूर्व IPS अधिकारी अशोक कुमार जल्द पद छोड़ेंगे। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में उनकी नियुक्ति को चुनौती दिए जाने के बाद सुनवाई के दौरान अशोक कुमार ने अदालत को बताया कि व्यक्तिगत कारणों से वह पद पर बने रहने में असमर्थ हैं और 3 सप्ताह के भीतर इस्तीफा सौंप देंगे।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बड़ा फैसला
जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की पीठ ने मामले का निपटारा करते हुए राज्य सरकार को इस्तीफा स्वीकार करने और 31 अक्टूबर 2026 तक इससे जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस्तीफा देने तक मौजूदा VC अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

नए VC तक डीन संभालेंगे कमान

हाईकोर्ट के निर्देश के मुताबिक, अशोक कुमार के इस्तीफे के बाद नए VC की स्थायी नियुक्ति होने तक यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ डीन अंतरिम कुलपति के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। नए VC की नियुक्ति UGC के 2018 के नियमों के तहत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नियुक्ति को हाईकोर्ट में दी गई थी चुनौती

डॉ. देवेंद्र सिंह मोर और एक अन्य याचिकाकर्ता ने अशोक कुमार की नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि उनकी नियुक्ति UGC के 2018 के नियमों के अनुरूप नहीं है। याचिका में नियुक्ति रद्द करने के साथ-साथ 15 जुलाई 2024 के उस पत्र को भी चुनौती दी गई थी, जिसके जरिए उनके वेतन का निर्धारण किया गया था।

अदालत ने नए VC की नियुक्ति में नियमों और पारदर्शिता का पूरी तरह पालन करने को कहा है। इसके लिए कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के 2026 के एक फैसले का भी हवाला दिया।

नवंबर 2023 में DGP पद से हुए थे रिटायर

अशोक कुमार नवंबर 2023 में उत्तराखंड के DGP पद से रिटायर हुए थे। इसके करीब चार महीने बाद 1 मार्च 2024 को उन्हें हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का VC नियुक्त किया गया था।

लेकिन अब नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट में मामला पहुंचने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ने की बात कही है।

पहले VC भी कार्यकाल पूरा होने से पहले हटे थे

हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कहानी में यह पहला ऐसा मामला नहीं है। पूर्व IPS अधिकारी एसएस देशवाल भी कार्यकाल पूरा होने से पहले VC पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा एक्ट, 2022 के तहत अप्रैल 2022 में सोनीपत के राई में यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी। सरकार ने सबसे पहले पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को VC नियुक्त किया था, लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया।

इसके बाद 1984 बैच के IPS अधिकारी एसएस देशवाल को 27 दिसंबर 2022 को VC बनाया गया। वह ITBP के पूर्व DG रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में यूनिवर्सिटी के शुरुआती इंफ्रास्ट्रक्चर, ढांचे और कोर्स शुरू करने की तैयारियों पर काम हुआ।

देशवाल का कार्यकाल दिसंबर 2025 तक था, लेकिन उन्होंने करीब एक साल पहले ही इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 1 मार्च 2024 को पूर्व DGP अशोक कुमार ने VC की जिम्मेदारी संभाली थी।

अब अशोक कुमार के इस्तीफे के बाद यूनिवर्सिटी को एक बार फिर नए VC की तलाश करनी होगी।

Translate »
error: Content is protected !!