नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Relief for FD holders! Repo rate hiked; higher interest on deposits now expected) महंगाई के दबाव के बीच रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 फीसदी करने से कर्ज लेने वालों की मुश्किल बढ़ सकती है, लेकिन फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने वालों के लिए यह फैसला राहत लेकर आ सकता है। बैंक आने वाले समय में FD पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं।
हालांकि, जिन लोगों की FD पहले से चल रही है, उन्हें रेपो रेट बढ़ने का तत्काल फायदा नहीं मिलेगा। FD खुलवाते समय तय ब्याज दर पूरी अवधि के लिए लॉक रहती है।
पुरानी FD पर नहीं बदलेगा ब्याज
अगर आपने पहले से FD कर रखी है तो उसकी ब्याज दर रेपो रेट बढ़ने के बावजूद नहीं बदलेगी। मौजूदा FD पर उसी दर से ब्याज मिलता रहेगा, जिस दर पर निवेश के समय उसे बुक किया गया था।
नई ब्याज दरों का फायदा नई FD कराने या मौजूदा FD के मैच्योर होने के बाद उसे नए रेट पर रिन्यू कराने पर मिलेगा।
FD मैच्योर होने पर जल्दबाजी न करें
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जिन निवेशकों की FD जल्द मैच्योर होने वाली है, उन्हें बिना तुलना किए उसे ऑटो-रिन्यू नहीं कराना चाहिए। अलग-अलग बैंकों और वित्तीय संस्थानों की ब्याज दरों के साथ-साथ प्री-मैच्योर निकासी के नियम और सुरक्षा भी जांचनी चाहिए।
बैंकबाजार के CEO आदिल शेट्टी के मुताबिक, रेपो रेट में बढ़ोतरी का फायदा बचत करने वालों को धीरे-धीरे मिल सकता है। इसलिए निवेशकों को अपनी FD की मैच्योरिटी तारीख पर नजर रखनी चाहिए।
क्यों बढ़ाया गया रेपो रेट?
महंगाई के बढ़ते जोखिम को देखते हुए RBI ने यह कदम उठाया है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, वैश्विक तनाव और खराब मौसम के कारण खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ब्याज दर बढ़ाने का फैसला किया गया।
FD लैडरिंग से मिलेगा बेहतर मौका
निवेशक अपनी पूरी रकम एक ही FD में लगाने के बजाय FD लैडरिंग का विकल्प अपना सकते हैं। इसमें रकम को अलग-अलग अवधि की कई FD में बांटा जाता है।
मसलन, कुल रकम को 1 साल, 2 साल और 3 साल की FD में बांटा जा सकता है। इससे अलग-अलग समय पर FD मैच्योर होती रहेंगी और निवेशक उस समय उपलब्ध ब्याज दरों के हिसाब से रकम को दोबारा निवेश कर सकेंगे।
यानी एक ही जगह पूरी रकम लॉक करने के बजाय अलग-अलग अवधि में निवेश कर आप भविष्य में बढ़ी हुई ब्याज दरों का फायदा उठाने का मौका बनाए रख सकते हैं।

















