Home Haryana हरियाणा में 25 हजार कारतूस बरामद! युवती समेत 5 गिरफ्तार

हरियाणा में 25 हजार कारतूस बरामद! युवती समेत 5 गिरफ्तार

झज्जर। राजवीर दीक्षित

 

(25,000 cartridges seized in Haryana; 5 arrested, including a young woman) हरियाणा के झज्जर में एसटीएफ रोहतक ने अवैध कारतूस सप्लाई के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो कारों से 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में एक युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, कारतूस सिरसा के एक गन हाउस से लाए गए थे और इनकी डिलीवरी उत्तर प्रदेश में की जानी थी।

एसटीएफ ने बहादुरगढ़-रोहतक नेशनल हाईवे पर रोहद टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए टाटा हैरियर और हुंडई ऑरा कार को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 25 हजार कारतूस बरामद हुए।

दोनों कारों से मिले 25 हजार कारतूस

डीएसपी शमशेर दहिया के मुताबिक, टाटा हैरियर से KF 7.65 और BMM KF बोर के 24,400 कारतूस बरामद किए गए, जबकि हुंडई ऑरा से BMM KF के 600 कारतूस मिले।

गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं। इनमें अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान (49), आसिम रईस (33), सबलू खान (32), अरबाज अली (27) और जीनत (33) शामिल हैं।

बिहार पुलिस के इनपुट से खुला मामला

इस पूरे मामले का खुलासा बिहार पुलिस से मिले इनपुट के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को बिहार के भोजपुर में पुलिस ने 19 हजार कारतूसों के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा था। जांच में इन कारतूसों का लिंक सिरसा के एक गन हाउस से सामने आया। इसके बाद हरियाणा एसटीएफ को भी अलर्ट किया गया और कार्रवाई की गई।

आठ मोबाइल फोन भी जब्त

एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों कारों, कारतूसों और मोबाइल फोन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद कारतूसों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके।

तीन राज्यों की पुलिस खंगाल रही नेटवर्क

मामले में 3 नवंबर 2026 को झज्जर के असौधा थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) और 25(8) के तहत FIR दर्ज की गई है। अब एसटीएफ, बिहार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस मिलकर जांच कर रही हैं।

जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी खेप किसे पहुंचाई जानी थी, कारतूसों का इस्तेमाल कहां होना था और सिरसा के गन हाउस से जुड़ा सप्लाई नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है।

25 हजार कारतूसों की बरामदगी ने अवैध गोला-बारूद की सप्लाई और उसके नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

Translate »
error: Content is protected !!