द टारगेट न्यूज़:
दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने के लिए पीजीआईएमईआर के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. अतुल पाराशर ने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि खुशियों का यह पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो। अनपेक्षित और दुर्घटनाओं से बचने के लिए विभाग ने कुछ सरल दिशा-निर्देश और क्या करें व क्या न करें की सूची साझा की है। दीये, मोमबत्ती या पटाखे जलाते समय सिंथेटिक और ढीले कपड़े पहनने से बचना चाहिए, तथा पटाखे फोड़ते समय पैरों में जूते जरूर पहनने चाहिए ताकि चोट से बचाव हो सके। पटाखे हमेशा हाथ की दूरी से जलाने चाहिए और इस्तेमाल किए गए पटाखों को रेत या पानी से भरी बाल्टी में डाल देना चाहिए। जो पटाखे न फटे हों, उन्हें दोबारा उठाने की गलती कभी नहीं करनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति मामूली रूप से झुलस जाए, तो प्रभावित हिस्से पर तब तक पर्याप्त मात्रा में पानी डालना चाहिए जब तक कि जलन शांत न हो जाए। इसके अलावा, जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट या नीली स्याही जैसे घरेलू नुस्खे बिल्कुल नहीं लगाने चाहिए। शरीर पर पहनी गई अंगूठियां, चूड़ियां या अन्य तंग चीजें तुरंत उतार देनी चाहिए क्योंकि बाद में सूजन आने पर इन्हें निकालना मुश्किल हो जाता है। यदि किसी व्यक्ति के कपड़ों में आग लग जाए, तो उसे ‘रुकें, लेट जाएं और लुढ़कें’ (स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल) के नियम का पालन करना चाहिए। व्यक्ति को दौड़ने से बचना चाहिए क्योंकि दौड़ने से हवा के संपर्क में आने से आग और भड़क सकती है। इसके बजाय, जहां भी हों वहीं रुक जाएं, जमीन पर लेट जाएं और आग बुझाने के लिए जमीन पर गोल-गोल लुढ़कें जिससे आग को मिलने वाली ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो सके।













