द टारगेट न्यूज़:
दीवाली के जश्न के दौरान चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में पटाखों से झुलसने और घायल होने के कुल सात मामले दर्ज किए गए। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल पराशर के अनुसार, चार मरीजों को हाथों में पटाखे फटने से चोटें आईं। इनमें से तीन की एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर (एटीसी) में सर्जरी की गई, जबकि चौथे मरीज को केवल ड्रेसिंग की आवश्यकता पड़ी। इसके अलावा, तीन अन्य मरीजों को थर्मल बर्न (जलने) की समस्या हुई क्योंकि उनके कपड़ों में आग लग गई थी। वे लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के तहत बर्न हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में उनका इलाज चल रहा है। इस बीच, पटाखों के शोर के कारण सुनने से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे लोगों की सहायता के लिए पीजीआईएमईआर के ईएनटी और हेड एंड नेक सर्जरी विभाग ने एक विशेष दीवाली हेल्पलाइन भी शुरू की है। विभाग के अनुसार, दीवाली के दौरान बहरापन, कानों में घंटियां बजना (रिंगिंग) या बंद महसूस होने जैसी किसी भी समस्या का सामना करने वाले लोग 24 घंटे के भीतर 07087009764 या 09465667171 पर टेक्स्ट मैसेज भेज सकते हैं। यह हेल्पलाइन विभाग की प्रोफेसर एवं प्रमुख डॉ. जैमंती बक्शी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धरम वीर के मार्गदर्शन में शुरू की गई है, ताकि कान की चोटों का समय पर आकलन और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। पिछले साल भी दीवाली के दौरान पटाखों से होने वाले शोर से उत्पन्न कान के आघात (इयर ट्रॉमा) के साथ लगभग सात लोग ईएनटी ओपीडी में पहुंचे थे।













