ऊना। राजवीर दीक्षित
(Couple killed after being run over by a Thar SUV following a dispute over firecrackers; accused referred to PGI) हिमाचल प्रदेश के ऊना में पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह और उनकी पत्नी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल दंपति को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भी घायल अवस्था में मिला, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि 8 और 9 नवंबर की मध्यरात्रि पुलिस को सूचना मिली थी कि ओंकार सिंह और उनकी पत्नी को घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया है। पुलिस टीम जब अस्पताल पहुंची तो दोनों की मौत हो चुकी थी।
पिता की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज
ओंकार सिंह के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार, कथित आरोपी जरनेल सिंह ने अपनी थार गाड़ी दोनों पर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी के अनुसार, आरोपी जरनेल सिंह भी घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती था। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ सदर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसपी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले भी छोटी-मोटी कहासुनी और विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, वारदात के पीछे असली वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस पटाखों को लेकर हुए विवाद के साथ पुरानी रंजिश के पहलू को भी खंगाल रही है।
अस्पताल में तनाव, नाबालिगों पर भी कार्रवाई
एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बन गया था। घायलों के साथ मारपीट की शिकायत भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
उन्होंने बताया कि एफआईआर में कुछ नाबालिगों की भूमिका भी सामने आई है। उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।













