चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Property dealer shot dead outside his office! Bike-borne assailants flee) हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में शुक्रवार शाम बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात रोहतक रोड स्थित उनके कार्यालय के बाहर हुई। हमलावरों ने उस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की, जब प्रॉपर्टी डीलर अपनी कार में बैठ रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल के रूप में हुई है। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
ऑफिस के बाहर ही बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र पहल शुक्रवार शाम रोहतक रोड स्थित अपने कार्यालय से बाहर निकले थे। जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठने लगे, बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।













