चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Water crisis in the Yamuna! Water levels in the Bhakra and Pong dams have also dropped) जलवायु परिवर्तन का असर अब नदियों और बड़े जलाशयों पर भी दिखाई देने लगा है। यमुना नदी में पानी की उपलब्धता घटकर करीब 2 हजार क्यूसेक रह गई है। वहीं, भाखड़ा नंगल और पोंग डैम में भी पिछले साल के मुकाबले पानी के भंडार में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जल संसाधनों की इस स्थिति ने आने वाले समय में हरियाणा के सामने पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग हरियाणा के आंकड़ों के मुताबिक, यमुना में फिलहाल करीब 2 हजार क्यूसेक पानी उपलब्ध है। जरूरत के मुकाबले यह मात्रा काफी कम बताई जा रही है। इसका असर सिंचाई और अन्य आवश्यकताओं पर पड़ने की आशंका है। यमुना के पानी के बंटवारे को लेकर हरियाणा और दिल्ली के बीच गर्मियों में पहले भी कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है।
ACS बोले- पानी का उचित प्रबंधन कर रहे
सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने माना कि भाखड़ा नंगल और पोंग डैम में पानी की मात्रा में गिरावट आई है। यमुना का जलस्तर भी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल संसाधनों का उचित प्रबंधन किया जा रहा है। पानी का वितरण बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है और आवश्यक इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
भाखड़ा में 1.46 MAF पानी घटा
विभाग के कैनाल रेगुलेशन सिस्टम (CRS) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल इसी अवधि में भाखड़ा डैम में 4.31 MAF पानी उपलब्ध था, जो इस साल घटकर 2.85 MAF रह गया है। यानी डैम में करीब 1.46 MAF पानी की कमी दर्ज की गई है।
इसी तरह पोंग डैम में पिछले साल 3.81 MAF पानी था, जबकि इस साल यह घटकर 2.71 MAF रह गया है। यहां भी करीब 1.10 MAF की गिरावट आई है।
बिजली उत्पादन और पानी की हिस्सेदारी पर असर की आशंका
भाखड़ा-ब्यास परियोजनाओं से मिलने वाली बिजली और पानी में हरियाणा की भी हिस्सेदारी है। अनुमान के मुताबिक, इन परियोजनाओं से उत्पादित बिजली में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 37 से 40 प्रतिशत रहती है।
डैम में पानी का भंडार घटने से आने वाले समय में बिजली उत्पादन और जल उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और विभिन्न राज्यों के बीच पानी का संतुलित वितरण अहम चुनौती बन सकता है।
यमुना में घटता बहाव और भाखड़ा-पोंग डैम में कम होता जल भंडार आने वाले महीनों के लिए चिंता का संकेत है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि उपलब्ध पानी का प्रबंधन किस तरह किया जाता है।













