द टारगेट न्यूज़:
राज्य चुनाव आयोग ने आगामी नगर निगम चुनावों में भाग लेने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए 184 मुफ्त चुनाव चिन्हों की सूची को आधिकारिक रूप से अधिसूचित कर दिया है। निर्वाचन प्रतीक (आरक्षण और आवंटन) आदेश, 2026 के अंतर्गत, निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने नामांकन पत्रों में तीन पसंदीदा चुनाव चिन्हों का विकल्प देना अनिवार्य किया गया है। इन चिन्हों का आवंटन निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नगर निगम के सभी 35 वार्डों में होने वाले चुनावों पर पूरी तरह से लागू होगा। नए नियमों के अनुसार, यदि एक से अधिक निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा एक ही चुनाव चिन्ह का चयन किया जाता है, तो उस स्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा पर्ची निकालकर यानी लॉटरी पद्धति के माध्यम से चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग के साथ पंजीकृत ऐसे राजनीतिक दल जो राष्ट्रीय या राज्य स्तर के दलों के रूप में मान्यता प्राप्त नहीं हैं, उनके उम्मीदवारों को भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ही माना जाएगा।













