फाजिल्का । राजवीर दीक्षित
पंजाब के फाजिल्का में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। थेह कलंदर गांव के पास कार और पिकअप वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग गांव टिवाणा कलां के रहने वाले थे। वे गांव करणी खेड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।
हादसे के बाद घायलों को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।













