ऊना/मेहतपुर । राजवीर दीक्षित
साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा जाल बिछाया कि एक उद्योगपति को क्रेडिट कार्ड बनवाने की इच्छा करीब सात लाख रुपये की पड़ गई। महज एक लिंक पर क्लिक करते ही उद्योगपति की निजी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग गई और देखते ही देखते बैंक खाते से 6 लाख 94 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मेहतपुर औद्योगिक क्षेत्र से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मेहतपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मेफेयर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के उद्योगपति आनंद राम चंद्रन ऑनलाइन अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहते थे। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करवाने का झांसा देकर एक लिंक भेज दिया।
बताया जा रहा है कि उद्योगपति ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनकी निजी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच गई। इसके बाद ठगों ने उनकी ईमेल आईडी बदल दी और बैंक खाते तक पहुंच बनाकर 6.94 लाख रुपये की रकम निकाल ली।
ईमेल आईडी बदलकर खाते से उड़ाए लाखों रुपये
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड बनवाने के बहाने उद्योगपति को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि लिंक के माध्यम से निजी जानकारी हासिल करने के बाद ठगों ने ईमेल आईडी बदलकर बैंक खाते से लाखों रुपये की निकासी कर ली।
जब उद्योगपति को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस थाना मेहतपुर में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद मेहतपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब साइबर ठगी के इस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड सेवाओं के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सावधान! साइबर अपराधी बैंकिंग सेवाओं, क्रेडिट कार्ड और केवाईसी अपडेट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जांचना बेहद जरूरी है। बैंकिंग से जुड़ी जानकारी केवल संबंधित बैंक या वित्तीय संस्थान के आधिकारिक माध्यम से ही साझा करें।
एक गलत क्लिक आपकी वर्षों की मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकता है।













