Home International पन्नू की ह/त्या की साजिश: निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने...

पन्नू की ह/त्या की साजिश: निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल

न्यूयॉर्क। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

 

(Plot to kill Pannun: Nikhil Gupta sentenced to 19 years and 7 months in prison) खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल ने अदालत में पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है, लेकिन अब वह इसे बदल नहीं सकते।

55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप स्वीकार किए थे। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद सजा सुनाई।

कोर्ट में भावुक हुए निखिल, पन्नू से मांगी माफी

सुनवाई के दौरान निखिल ने करीब छह मिनट तक अंग्रेजी में अपना पक्ष रखा। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन महान हस्तियों के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।

इसके बाद पन्नू की ओर देखकर उन्होंने कहा कि वह अपने किए को बदल नहीं सकते और इसके लिए पन्नू, सिख समुदाय तथा इससे जुड़े लोगों से माफी मांगते हैं। इस दौरान निखिल भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

पन्नू बोला- 1200 दिन से सामान्य काम नहीं कर पाया

सुनवाई के दौरान पन्नू ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा। उसने दावा किया कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से अधिक समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है। पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी, हालांकि जज ने उसे संक्षेप में बोलने को कहा।

सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले थे। पन्नू भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहा।

सजा के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल

अदालत ने निखिल को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। जज के मुताबिक, सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताई। उनका कहना था कि उन्हें अदालत से कम सजा की उम्मीद थी।

ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश

अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया है।

अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप है कि विकास यादव के कहने पर निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। आरोप है कि निखिल ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात हुई थी। 9 जून 2023 के आसपास निखिल और विकास ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस भी भिजवाए थे।

विकास यादव अब भी अमेरिकी एजेंसियों की पकड़ से बाहर

अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को इस मामले में आरोपी बनाया था। FBI ने उसका वांछित पोस्टर भी जारी किया था। माना जा रहा है कि वह भारत में है।

दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने उसे अपहरण और वसूली के एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर है। भारत सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि विकास यादव अब सरकारी नौकरी में नहीं है।

निखिल को सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी अभियोजकों ने एक और दावा किया। उनके मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव और निखिल गुप्ता नेपाल या पाकिस्तान में एक अन्य व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे।

डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख को भी अमेरिकी अदालत का समन

इस मामले से जुड़े एक अलग सिविल मुकदमे में न्यूयॉर्क की अदालत ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन जारी किए हैं। शुक्रवार को फेडएक्स के जरिए ये समन दिल्ली की पटियाला हाउस, तीस हजारी और द्वारका जिला अदालतों को भेजे गए। अमेरिकी अदालत ने भारतीय अदालतों से समन की तामील कराने में मदद मांगी है।

न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज कैथरीन पोल्क फैला ने 13 नवंबर को हेग कन्वेंशन के तहत समन जारी करने का आदेश दिया था।

पन्नू ने डोभाल पर लगाए गंभीर आरोप

खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के कानूनी सलाहकार गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपनी कथित हत्या की साजिश को लेकर अमेरिकी अदालत में सिविल मुकदमा दायर किया है। पन्नू ने आरोप लगाया है कि अजित डोभाल ने भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। पन्नू भारत में कई आतंकी मामलों में वांछित है।

इससे पहले भी अमेरिकी अदालत ने विदेश विभाग के माध्यम से वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास को राजनयिक नोट भेजकर डोभाल और गोयल तक समन पहुंचाने की कोशिश की थी।

भारत ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत

भारत सरकार ने पन्नू के सिविल मुकदमे को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को स्वीकार नहीं करता।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि भारत में न्यायिक दस्तावेज पहुंचाने का अनुरोध केवल निर्धारित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून एवं न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही भेजा जा सकता है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
अग्निवीरों का डेटा बेचने निकला 14 साल का लड़का, ₹500 में लगाई बोली! हाईकोर्ट बेंच को लेकर धर्मशाला की मांग को मिला समर्थन, विधानसभा में प्रस्ताव पास पन्नू की ह/त्या की साजिश: निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल Lolo247 पर चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़! हिमाचल के डिपुओं पर अब नही मिलेगा राशन...जान ले सारी जानकारी लालड़ू में नकली सीमेंट का बड़ा भंडाफोड़: 500 कट्टे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार रासायनिक खादों के अधिक प्रयोग से कमजोर हो रही मिट्टी की सेहत नेशनल स्कूल गेम्स सॉफ्टबॉल: चंडीगढ़ के लड़के और लड़कियों का शानदार प्रदर्शन जारी, तीसरे दिन भी रहे अजेय मानसा की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देश भर में किया टॉप, शिक्षा मंत्री ने की 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा डेराबस्सी में ट्रैक्टर-ट्रॉलर की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, क्रशर पर करते थे नाइट चौकीदारी का काम