मोहाली। राजवीर दीक्षित
(A scam involving promises of sending people abroad! Beware of fake visa agents) विदेश में नौकरी या रेजिडेंसी वीजा हासिल करने की चाह रखने वालों को फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की जरूरत है। मोहाली जिला प्रशासन ने वीजा और माइग्रेशन सेवाओं के नाम पर ठगी करने वाली एजेंसियों को लेकर लोगों के लिए चेतावनी जारी की है।
जिला मजिस्ट्रेट आदित्य दचलवाल ने भारतीय दूतावास, अबू धाबी और दुबई एवं उत्तरी अमीरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की एडवाइजरी का हवाला देते हुए बताया कि विदेश में काम कर रही कुछ वीजा और माइग्रेशन एजेंसियों के खिलाफ भारतीय नागरिकों की शिकायतें मिली हैं।
सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावे, फिर गायब!
प्रशासन के मुताबिक, कुछ एजेंसियां सोशल मीडिया के जरिए तीसरे देशों में नौकरी और रेजिडेंसी वीजा दिलाने का प्रचार करती हैं। आवेदकों से फीस वसूलने के बाद ये एजेंसियां कथित तौर पर वादा की गई सेवाएं नहीं देतीं और न ही पैसे लौटाती हैं।
वीजा की गारंटी देने वालों से रहें दूर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी एजेंसी वीजा मिलने की गारंटी नहीं दे सकती। वीजा जारी करने का अंतिम फैसला संबंधित देश की सरकार का होता है। इसलिए केवल वीजा मंजूर करवाने के वादे पर किसी को रकम न दें।
दूतावास की वेबसाइट से करें जानकारी की पुष्टि
विदेश जाने के इच्छुक लोगों को सलाह दी गई है कि वे वीजा की शर्तें, आवेदन प्रक्रिया और अधिकृत माध्यमों की जानकारी संबंधित देश के दूतावास या वाणिज्य दूतावास से सीधे प्राप्त करें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और भुगतान करने से पहले संबंधित देश की आधिकारिक सरकारी व दूतावास वेबसाइटों पर जानकारी जरूर जांचें।
संदेश साफ है—विदेश जाने का सपना ठगी का शिकार न बने, हर जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोत से करें।













