Home Rupnagar स्वच्छता में आनंदपुर साहिब का डंका! पंजाब में नंबर-1

स्वच्छता में आनंदपुर साहिब का डंका! पंजाब में नंबर-1

श्री आनंदपुर साहिब। राजवीर दीक्षित 

 

(Anandpur Sahib shines in cleanliness! Ranked number 1 in Punjab.) ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी श्री आनंदपुर साहिब को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद शहर में खुशी का माहौल है। स्थानीय निकाय मंत्री और क्षेत्रीय विधायक हरजोत सिंह बैंस ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों, सफाई सेवकों, नगर परिषद के प्रतिनिधियों और सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की सामूहिक मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होना उनके लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या सरकार का नहीं, बल्कि पूरे शहर का है।

नगर परिषद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंस ने कहा कि इस उपलब्धि के लिए गुरु साहिबान का आशीर्वाद और संगत की सेवा भावना सबसे बड़ी प्रेरणा रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के करीब 5,000 शहरों का मूल्यांकन किया गया था। विभिन्न श्रेणियों में चुने गए करीब 50 शहरों में श्री आनंदपुर साहिब ने पंजाब में पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

गुरु नगरी की सेवा का मिला सम्मान

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब का इतिहास सिख कौम के लिए विशेष महत्व रखता है। नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी ने इस नगर की स्थापना की थी और दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने यहीं खालसा पंथ की सृजना की।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के दौरान देश-विदेश से पहुंची संगत की सेवा के लिए बड़े स्तर पर प्रबंध किए गए थे। पहली बार टेंट सिटी स्थापित की गई और पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित हुआ। इसके अलावा ड्रोन शो, लाइट एंड साउंड शो सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए गए। बैंस के अनुसार, इन आयोजनों में शहरवासियों और संगत की ओर से की गई सेवा भी इस सम्मान की बड़ी वजह है।

हर सरकारी इमारत को मिलेगी हेरिटेज लुक

बैंस ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद शहर को और स्वच्छ व सुंदर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। श्री आनंदपुर साहिब की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को कायम रखने के लिए यहां बनने वाली सरकारी इमारतों को हेरिटेज लुक दी जाएगी। स्कूलों और अन्य सरकारी भवनों के निर्माण में भी शहर की विरासत और पारंपरिक स्वरूप का ध्यान रखा जा रहा है।

50 करोड़ से बनेगा प्रशासनिक परिसर

स्थानीय निकाय मंत्री ने बताया कि करीब 15 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय प्रशासनिक परिसर बनाया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय एक ही छत के नीचे होंगे, जिससे लोगों को सरकारी काम करवाने में सुविधा मिलेगी। इस परियोजना का काम जल्द शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जल्द मिलेगा आधुनिक ट्रॉमा सेंटर

बैंस ने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक ट्रॉमा सेंटर भी तैयार किया जा रहा है। इसका निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां सड़क हादसों और अन्य गंभीर आपातकालीन मामलों में मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि नंगल सहित पूरे श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं। कार्यक्रम के दौरान बैंस ने सफाई सेवकों को सम्मानित किया और उनके साथ राष्ट्रीय उपलब्धि की खुशी साझा की। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सफाई केवल सरकार या किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा कर्तव्य है।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष हरजीत सिंह जीता, कार्यकारी अधिकारी गुरदीप सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी हरिंदर पाल सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह अरोड़ा सहित नगर परिषद के पार्षद, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
स्वच्छता में आनंदपुर साहिब का डंका! पंजाब में नंबर-1 पहली शादी कायम, फिर भी लिव-इन का हक! हाईकोर्ट का बड़ा आदेश साबुन के पानी की फिसलनों से पंजाब की शान तक: 7 साल की kapisha verma का स्केटिंग सफर बर्फबारी के बाद अलर्ट मोड पर पुलिस, हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए सलाह जारी पिस्टल साफ करते ASI को लगी गोली; मौत! चंडीगढ़ में जनगणना का प्रशिक्षण शुरू, 25 जनवरी से होगी आबादी की गिनती पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ से 48 घंटे मिल सकती है प्रदूषण से राहत, चंडीगढ़ में बारिश की संभावना नहीं भारत और इज़राइल के बीच कॉम्बैट पावर और क्षमता निर्माण साझेदारी पर विचार-विमर्श पंजाब: 1992 के लापता होने के मामले में पूर्व एसएसपी को पांच साल की सजा हिमाचल के पर्यटन को झटका? भुंतर एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या में गिरावट