द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Thousands of Bank Accounts Frozen in Punjab; Major Reason Revealed – Read the Full Story “) पंजाब में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने पिछले एक साल में 63,749 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों के जरिए करीब 540.34 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ था। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 से अब तक लगभग 64 करोड़ रुपये की ठगी की रकम पीड़ितों को वापस दिलाई जा चुकी है, जिसमें केवल 1 जनवरी 2025 से अब तक 38.42 करोड़ रुपये की रिकवरी शामिल है। यह आंकड़े बताते हैं कि राज्य में साइबर अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बताया कि इसी अवधि में पूरे राज्य में 62,253 साइबर अपराध दर्ज किए गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि साइबर ठगी में रकम फ्रीज करने की सफलता दर 16.13 प्रतिशत से बढ़कर 23.43 प्रतिशत हो गई है, जो पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और तकनीकी जांच का परिणाम है। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर अपराधियों के नेटवर्क, उनके काम करने के तरीके और विभिन्न राज्यों में फैले गिरोहों की पहचान करने में भी बड़ी सफलता हासिल की है।
जिलों की बात करें तो जालंधर कमिश्नरेट में सबसे ज्यादा 16,032 बैंक खाते फ्रीज किए गए और 6.81 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई। इसके अलावा कपूरथला, होशियारपुर, फिरोजपुर, तरनतारन और जालंधर देहात में भी हजारों खातों पर कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस ने कनाडा में रहने वाले एक पंजाबी युवक से जुड़े साइबर ब्लैकमेलिंग मामले का भी सफलतापूर्वक खुलासा किया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर ‘ऑनलाइन अरदास’ के नाम पर संपर्क कर निजी वीडियो हासिल की और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया था।
स्पेशल डीजीपी (साइबर क्राइम) वी. नीरजा ने कहा कि कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। खासकर युवाओं को फर्जी ऑनलाइन दोस्ती, सेक्सटॉर्शन, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग और गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।



















