चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
(Breaking: CBI takes major action against Punjab Vigilance Bureau, middleman arrested in bribery case.) पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो से जुड़े रिश्वत मामले में कथित मिडलमैन राघव गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह मामला करीब 25 लाख रुपये की रिश्वत से जुड़ा हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक CBI ने कार्रवाई के दौरान राघव गोयल के पास से करीब 13 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वहीं पंजाब विजिलेंस चीफ एसएस राणा के रीडर ओपी राणा को भी मामले में नामजद किया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई शहर के एक फाइव स्टार होटल में की गई, जहां CBI टीम ने छापेमारी कर गिरफ्तारी को अंजाम दिया। इस पूरे मामले में विजिलेंस विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हालांकि इस हाई प्रोफाइल कार्रवाई के बावजूद अभी तक न तो CBI और न ही पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की ओर से आधिकारिक पुष्टि की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



















