अबोहर। राजवीर दीक्षित
(Husband and Wife Consume Pesticide After Alleged Blackmail)फाजिल्का जिले के अबोहर सब-डिवीजन के गांव मलूकपुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कथित ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान एक पति-पत्नी ने कीटनाशक निगलकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अबोहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दंपति की पहचान 32 वर्षीय लवप्रीत और उनकी 30 वर्षीय पत्नी रीत कौर के रूप में हुई है। रीत कौर ने आरोप लगाया कि उसका पति एक डेरा में जाता था, जहां उसकी मुलाकात बठिंडा की रहने वाली 29 वर्षीय महिला से हुई थी। आरोप है कि धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध बने और बाद में उक्त महिला ने लवप्रीत को कथित तौर पर अपने जाल में फंसा लिया।
रीत कौर के अनुसार, जब लवप्रीत को कथित तौर पर पता चला कि महिला के अन्य लोगों के साथ भी संबंध थे, तो उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर लवप्रीत के साथ अपनी एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। परिवार का आरोप है कि वीडियो का इस्तेमाल उन्हें बदनाम करने के लिए किया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद दंपति कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान हो गया और दोनों ने कीटनाशक निगल लिया। घटना की सूचना मिलने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर थाना अबोहर के SHO सचिन कंबोज ने बताया कि पुलिस ने पति-पत्नी के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले में केस दर्ज करने से पहले जिला अटॉर्नी की राय मांगी गई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।



















