चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“A famous actress fell victim to casting couch! The director had made a ‘dirty demand’) टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री मदालसा शर्मा ने हाल ही में कास्टिंग काउच को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। पॉपुलर टीवी शो अनुपमा में ‘काव्या’ के किरदार से घर-घर पहचान बनाने वाली मदालसा ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक अनुभव साझा किया, जिसने इंडस्ट्री के काले सच को उजागर कर दिया।
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान मदालसा ने बताया कि जब वह महज 19 साल की थीं, तब उन्हें एक बड़े फिल्म निर्देशक ने मीटिंग के लिए बुलाया था। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही और निर्देशक ने फिल्म के एक किरदार के बारे में चर्चा की, जिसमें बिकिनी पहनने की जरूरत थी। मदालसा ने साफ तौर पर कहा कि अगर स्क्रिप्ट की मांग होगी तो उन्हें इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन इसके बाद स्थिति अचानक असहज हो गई।
अभिनेत्री के अनुसार, निर्देशक ने उनसे कहा कि वह ऑफिस में ही बिकिनी पहनकर दिखाएं, ताकि वह उनकी “बॉडी लैंग्वेज” देख सके। यह सुनकर मदालसा हैरान रह गईं, लेकिन उन्होंने बेहद आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह एक प्रोफेशनल एक्ट्रेस हैं और कैमरे के सामने किरदार की जरूरत के अनुसार कुछ भी करने को तैयार हैं, लेकिन इस तरह की निजी मांग उनके काम का हिस्सा नहीं है।
मदालसा ने यह भी बताया कि उन्होंने निर्देशक को साफ शब्दों में मना कर दिया और कहा कि अगर उन्हें उनकी प्रतिभा के आधार पर काम देना है तो ठीक, वरना वह वहां से चली जाएंगी। इसके बाद उन्होंने तुरंत वहां से निकलना ही बेहतर समझा।
गौरतलब है कि मदालसा शर्मा, मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की बहू हैं और उन्होंने साउथ फिल्मों के साथ-साथ हिंदी इंडस्ट्री में भी काम किया है। ‘अनुपमा’ से उन्हें खास पहचान मिली। उनका यह खुलासा एक बार फिर इंडस्ट्री में मौजूद कास्टिंग काउच जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा तेज कर रहा।



















