Home Crime हेड कॉन्स्टेबल की हत्या, बयान बदलते ही बेटा गिरफ्तार!

हेड कॉन्स्टेबल की हत्या, बयान बदलते ही बेटा गिरफ्तार!

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित 

(Head Constable’s murder: Son arrested after changing his statement!) चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल नितिन (42) की गोली लगने से मौत के बाद सनसनी फैल गई। नितिन के सिर में गोली लगी थी और वह घर के बेड पर घायल हालत में मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है।

मामले में पुलिस ने मृतक के 18 वर्षीय बेटे अरमान को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में अरमान ने पुलिस को बताया था कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि, बाद की पूछताछ में उसके बयान में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। नितिन चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय सेक्टर-9 की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे।

पड़ोसियों के मुताबिक, सुबह घर से काफी देर तक शोर-शराबे और विवाद की आवाजें आ रही थीं। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो नितिन घर में बेड पर घायल हालत में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बेटे के बयान पर पुलिस को हुआ शक

पुलिस ने घटना के बाद नितिन के बेटे अरमान से पूछताछ की। उसने शुरुआती बयान में दावा किया कि कोई दूसरा व्यक्ति घर में आया था और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया।

पुलिस ने जब घटना को लेकर उससे दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

वारदात के वक्त घर में थे पत्नी-बेटा

नितिन की पत्नी मोनिका भी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं। बताया गया है कि वारदात के दौरान पत्नी और बेटा दोनों घर में मौजूद थे। नितिन और मोनिका का एक ही बेटा है।

पुलिस अब परिवार के सदस्यों के बयानों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बरामद देसी कट्टे को जांच का हिस्सा बनाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

पड़ोसियों ने बताया- घर में चल रहा था विवाद

पड़ोसियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से घर में विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी सुबह घर से झगड़े की आवाजें सुनाई दी थीं। इसके कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई।

पुलिस पड़ोसियों और परिवार के अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

बेटे पर पहले भी गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, अरमान का नाम इससे पहले मनीमाजरा हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट पर थार से दो लोगों को कुचलने के मामले में भी सामने आया था।

25 फरवरी की सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में अब्दुल सुभान (40) और गुलशेर (45) की मौत हुई थी। दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले थे और चंडीगढ़ में मदरसे में पढ़ाते थे।

अब हेड कॉन्स्टेबल नितिन की मौत के मामले में पुलिस बेटे के बयान, घटनास्थल के सबूत और हथियार की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!