Home Himachal Pradesh हिमाचल की रणजी टीम घोषित, कांगड़ा के 4 खिलाड़ियों को मिला बड़ा...

हिमाचल की रणजी टीम घोषित, कांगड़ा के 4 खिलाड़ियों को मिला बड़ा मौका

धर्मशाला । राजवीर दीक्षित

(Himachal’s Ranji team announced; 4 players from Kangra get a big opportunity) रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 को लेकर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ ने बड़ा ऐलान कर दिया है। एचपीसीए ने राज्य की पुरुष सीनियर टीम के 15 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। टीम की कमान पुखराज मान को सौंपी गई है। खास बात यह है कि इस टीम में कांगड़ा जिले के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। ऐसे में इस बार कांगड़ा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर खास तौर पर रहने वाली है।

हिमाचल की टीम में हमीरपुर के शुभम अरोड़ा, कांगड़ा के आकाश वशिष्ठ, अर्पित गुलेरिया और इनेश महाजन शामिल हैं। इसके साथ ही एलएंडएस के हर्षित संदल, पेशेवर श्रेणी के आर्यमान धालीवाल, निहाल वढेरा और कप्तान पुखराज मान को टीम का हिस्सा बनाया गया है। शिमला से जितेंद्र, मुकुल नेगी और वैभव काल्टा, सोलन से दिवेश तथा ऊना से अमनप्रीत सिंह, हृतिक कालिया और नितिन शर्मा को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

यानी हिमाचल की टीम में प्रदेश के कई हिस्सों की क्रिकेट प्रतिभा एक साथ दिखाई देगी। अब इन खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं के भरोसे को मैदान पर प्रदर्शन में बदलना होगा।

टीम के मुख्य प्रशिक्षक विनीत सक्सेना होंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी गगनदीप सिंह के पास रहेगी, जबकि क्षेत्ररक्षण प्रशिक्षक शकुन सैनी होंगे। टीम के फिजियो सौरव ठाकुर, शक्ति एवं अनुकूलन प्रशिक्षक जरनैल सिंह, वीडियो विश्लेषक राज किरीट कपाड़िया और मालिश विशेषज्ञ बृजेश शर्मा होंगे। साइड आर्म प्रशिक्षक के तौर पर भूपेश्वर और पुनीत सैनी टीम के साथ रहेंगे, जबकि राजेश पुरी को टीम मैनेजर की जिम्मेदारी दी गई है।

अब बात मुकाबलों की करें तो हिमाचल अपने अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर से करेगा। 11 से 14 अक्टूबर तक लाहली में हरियाणा के खिलाफ पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक बिलासपुर में मुंबई से भिड़ंत होगी। 26 से 29 अक्टूबर तक चंडीगढ़ में चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबला होगा और 2 से 5 नवंबर तक धर्मशाला में राजस्थान के खिलाफ मैच खेला जाएगा।

पहले चरण का शेड्यूल ही बता रहा है कि हिमाचल को आसान रास्ता नहीं मिलने वाला। हर मुकाबला टीम के लिए एक बड़ी चुनौती लेकर आएगा।

रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण में हिमाचल 17 से 20 जनवरी 2027 तक तमिलनाडु के खिलाफ मैदान में उतरेगा। हालांकि इस मुकाबले का स्थान अभी तय नहीं हुआ है। इसके बाद 24 से 27 जनवरी को धर्मशाला में उत्तराखंड के खिलाफ मुकाबला होगा। वहीं 1 से 4 फरवरी 2027 तक धर्मशाला में रेलवे के खिलाफ मैच खेला जाएगा।

एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने टीम और पूरे मुकाबला कार्यक्रम की जानकारी जारी की है। उ3न्होंने हिमाचल प्रदेश की टीम को आगामी रणजी ट्रॉफी अभियान के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

अब असली मुकाबला मैदान पर होगा। पुखराज मान की कप्तानी, कोचिंग स्टाफ की रणनीति और खिलाड़ियों का प्रदर्शन तय करेगा कि रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में हिमाचल कितनी बड़ी कहानी लिख पाता है।

Translate »
error: Content is protected !!