अयोध्या। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(Major revelation regarding theft of temple offerings! 105 incidents caught on CCTV) अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में जांच के दौरान बड़ा अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को बताया गया कि CCTV फुटेज की जांच में 70 नहीं, बल्कि 105 संदिग्ध चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT की स्टेटस रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट को जांच की प्रगति की जानकारी दी।
SIT के मुताबिक, जांच लगभग पूरी हो चुकी है। टीम ने CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। कोर्ट को यह भी बताया गया कि मंदिर में चढ़ावे और कीमती सामान की रसीदें सॉफ्टवेयर के जरिए तैयार की जाती हैं, जबकि संबंधित सामान SBI के लॉकर में सुरक्षित रखा जाता है।
सुप्रीम कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर ले लिया है।
पहले सामने आई थीं करीब 70 घटनाएं
इस मामले में 23 जून को पहली SIT ने अपनी प्राथमिक जांच रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपी थी। उस रिपोर्ट के अनुसार, 27 अप्रैल से 5 जून के बीच CCTV फुटेज में करीब 70 संदिग्ध घटनाएं रिकॉर्ड हुई थीं।
जांच के दौरान पुलिस की गिरफ्त में आए 8 आरोपियों से जुड़े CCTV फुटेज भी सामने आए थे। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में आरोपियों को कथित तौर पर नोटों की गड्डियां जेब और जूतों में छिपाते हुए देखा गया था।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दूसरी SIT गठित की गई, जिसने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।
25 सितंबर तक दाखिल होगी चार्जशीट
सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि SIT अपनी जांच पूरी कर 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल कर देगी। कोर्ट ने संबंधित मजिस्ट्रेट को कानून के मुताबिक चार्जशीट पर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
याचिकाकर्ताओं की ओर से SIT रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल रिपोर्ट की कॉपी देने से इनकार कर दिया। CJI की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि वह मामले को सेशन जज के अधिकार क्षेत्र से बाहर नहीं करना चाहती। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर आगे की जांच के संबंध में उचित आदेश दिए जा सकते हैं।
8 आरोपियों के खिलाफ FIR, सभी जेल में
इस मामले में रामजन्मभूमि थाने में 25 जून को 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। आरोपियों में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्र शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपियों के खिलाफ मंदिर से चोरी, कर्मचारी के तौर पर संपत्ति की चोरी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी की संपत्ति को छिपाने या उसके इस्तेमाल में मदद, आपराधिक साजिश और साझा मंशा से अपराध करने जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताई आरोपियों की कथित भूमिका
पुलिस के अनुसार, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के पास बिना किसी औपचारिक आदेश के दानपात्रों की चाबियां थीं। वहीं अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र नकदी की गिनती से जुड़े बताए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि अनुकल्प मिश्र के घर से करीब 20 लाख रुपये और लवकुश मिश्र के घर से करीब 10 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं अविनाश शुक्ल के बैंक खाते से 5 लाख रुपये की रिकवरी की बात भी पुलिस ने कही है।
मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्र को भी पुलिस ने नकदी की गिनती से जुड़ा बताया है।
अब SIT की चार्जशीट का इंतजार है। 25 सितंबर तक दाखिल होने वाली चार्जशीट के बाद मामले में जांच के निष्कर्ष और आरोपों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।



















