Home Political पंजाब कॉंग्रेस में बड़ा घमासान; रंधावा ने राजा वड़िंग को ललकारा

पंजाब कॉंग्रेस में बड़ा घमासान; रंधावा ने राजा वड़िंग को ललकारा

रंधावा का वड़िंग पर पलटवार: बोले- जीतने की जुर्रत हो तो 2 नहीं, 4 टिकट भी लाएंगे; ‘एक परिवार-एक टिकट’ के बयान पर बढ़ी कांग्रेस की तकरार

अमृतसर। राजवीर दीक्षित

(Major turmoil in Punjab Congress; Warring and Randhawa at loggerheads) पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के ‘एक परिवार से एक टिकट’ वाले बयान पर गुरदासपुर सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंच से पलटवार किया।

लुधियाना के इसड़ू में एक कार्यक्रम के दौरान रंधावा ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि दो-दो टिकट नहीं देंगे, उनमें जीतने की जुर्रत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीतने की क्षमता रखने वाले व्यक्ति को दो नहीं, बल्कि चार टिकट भी मिल सकते हैं और वह कांग्रेस को जिताकर ला सकता है। रंधावा का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी के जल्द पंजाब दौरे की चर्चा है। माना जा रहा है कि 16 अगस्त को उनके पंजाब कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

वड़िंग ने टिकटों को लेकर क्या कहा था?

राजा वड़िंग ने पार्टी के भीतर नए चेहरों को आगे लाने और टिकट वितरण में बदलाव के संकेत दिए थे। उन्होंने ‘एक परिवार-एक टिकट’ के फॉर्मूले की बात कही थी। साथ ही नए नेताओं को मौका देने और पुराने चेहरों पर निर्भरता कम करने की बात कही थी।

डेरा बाबा नानक सीट से शुरू हुआ था विवाद

कांग्रेस के भीतर यह खींचतान डेरा बाबा नानक विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी सामने आई थी। सुखजिंदर सिंह रंधावा के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। रंधावा परिवार इस सीट पर अपना दावा रखता रहा है। उनकी पत्नी जतिंदर कौर को उपचुनाव में टिकट मिला था, लेकिन कांग्रेस यह सीट नहीं बचा पाई।

वड़िंग के ‘एक परिवार-एक टिकट’ वाले बयान के बाद रंधावा परिवार के राजनीतिक दावे को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

राहुल गांधी भी कर चुके हैं ‘एक परिवार-एक टिकट’ की पैरवी

राहुल गांधी कांग्रेस में ‘एक परिवार-एक टिकट’ के फॉर्मूले की वकालत पहले भी कर चुके हैं। 2022 में उदयपुर के नव संकल्प चिंतन शिविर में उन्होंने नए और युवा चेहरों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था।

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर राहुल की नजर

राहुल गांधी इससे पहले पंजाब के नेताओं को गुटबाजी से दूर रहकर टीम के तौर पर काम करने की नसीहत दे चुके हैं। बरनाला की रैली में उन्होंने नेताओं को संदेश दिया था कि चुनाव कोई एक खिलाड़ी अकेले नहीं जीत सकता, इसके लिए पूरी टीम को साथ मिलकर काम करना होगा।

Translate »
error: Content is protected !!