Home Crime 7 साल बाद 25 हजार का इनामी गिरफ्तार!

7 साल बाद 25 हजार का इनामी गिरफ्तार!

पंचकूला। राजवीर दीक्षित।

(Man with ₹25,000 bounty arrested after 7 years!) पंचकूला के सेक्टर-20 में 7 साल पहले हुई डकैती और गोलीकांड के मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी विनय कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तरी दिल्ली के नंदनगरी का रहने वाला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था।

2021 में घोषित हुआ था भगोड़ा

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, अदालत ने विनय कुमार को 24 नवंबर 2021 को भगोड़ा (PO) घोषित किया था। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने इंचार्ज मनोज के नेतृत्व में कार्रवाई कर उसे दिल्ली से दबोच लिया।

पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पूछताछ में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और उसकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जाएगी।

गनपॉइंट पर लूट, विरोध किया तो बरसीं गोलियां

मामला 30 जनवरी 2019 का है। सेक्टर-20 की पहली मंजिल स्थित प्रॉपर्टी एवं फाइनेंस कार्यालय में कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश कार्यालय में घुस आए।

आरोप है कि बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर लोगों को डराया और गनपॉइंट पर नकदी और आभूषण लूटने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

फायरिंग में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

कई आरोपी पहले ही जा चुके जेल

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार, वाहन और लूटी गई संपत्ति भी बरामद की गई थी।

विनय कुमार लंबे समय से फरार था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में उसकी कथित भूमिका और फरारी के दौरान उसके ठिकानों की जानकारी जुटाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!