द टारगेट न्यूज़:
मोहाली के सेक्टर 117 स्थित ऑटोमार्ट वर्ल्ड गैरेज में दिवाली की रात आग लगने की घटना के पीछे भूमि विवाद सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गैरेज के मकान मालिक, उसके बेटे और दामाद समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस आगजनी में गैरेज में खड़ी 14 कारें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। शुरुआत में पुलिस ने इस घटना में किसी साजिश की आशंका जताई थी। खरड़ के सनी एन्क्लेव निवासी शिकायतकर्ता अजय कुमार, जो उक्त आरोपियों की जमीन पर गैरेज चलाते हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका पिछले कुछ समय से गुरुदीप सिंह के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और इस संबंध में मोहाली अदालत में एक मामला भी लंबित है। अजय का आरोप है कि इसी अदालती मामले का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। शिकायत के अनुसार, 7 नवंबर की रात को गुरुदीप ने कथित तौर पर गैरेज की छत से सोलर पैनल उखाड़कर एक नजदीकी भूखंड में फेंक दिए थे, जबकि उस दिन अजय अपने गृह नगर गुरदासपुर गए हुए थे। इसके बाद 8 नवंबर को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके गैरेज में आग लग गई है। सोहाना पुलिस थाने में अजय के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(एफ) के तहत सोमवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।













