Home Chandigarh NFL नंगल के विस्तार को लेकर बड़ा कदम, प्रधानमंत्री मोदी को भेजा...

NFL नंगल के विस्तार को लेकर बड़ा कदम, प्रधानमंत्री मोदी को भेजा गया प्रस्ताव — क्षेत्र में हजारों रोजगार की उम्मीद

रूपनगर | राजवीर दीक्षित

(Major Step Taken for NFL Nangal Expansion; Proposal Sent to Prime Minister Modi — Thousands of Jobs Expected in the Region.)श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं समाजसेवी गोवर्धन सोनी (GD) ने एक अहम पहल करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र भेजा है। यह पत्र भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना के माध्यम से भेजा गया, जिसमें NFL (नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड) नंगल इकाई के विस्तार और नई औद्योगिक परियोजनाओं की स्थापना की मांग की गई है।

अपने पत्र में गोवर्धन सोनी ने NFL नंगल को देश की प्रमुख उर्वरक उत्पादन इकाइयों में से एक बताते हुए कहा कि इसने वर्षों से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती रोजगार की जरूरत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इस इकाई का विस्तार बेहद जरूरी हो गया है।

सोनी ने प्रधानमंत्री से मांग की कि NFL नंगल परिसर में एक आधुनिक ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया कॉम्प्लेक्स स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि इस परियोजना से उर्वरक उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी, देश की आयात पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने नंगल क्षेत्र में एक आधुनिक जल बोतल संयंत्र (वॉटर बॉटलिंग प्लांट) स्थापित करने का सुझाव भी दिया। उनका मानना है कि क्षेत्र में उपलब्ध प्राकृतिक जल संसाधनों का सही उपयोग कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

गोवर्धन सोनी ने HDPE बैग निर्माण इकाई स्थापित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की पैकेजिंग के लिए उपयोग होने वाले बैग यदि स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाएं तो इससे लागत में कमी आएगी और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की भी मांग की, जिससे उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किया जा सके।

गोवर्धन सोनी ने विश्वास जताया कि ये प्रस्तावित परियोजनाएं न केवल नंगल और श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा देंगी, बल्कि पूरे पंजाब में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित मंत्रालयों और NFL प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए, ताकि क्षेत्र का विकास तेजी से सुनिश्चित हो सके।

Translate »
error: Content is protected !!