चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
( Punjab BJP Sees Stir, Kewal Dhillon and Mantri Srinivasulu Summoned to Delhi)भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व ने पंजाब BJP के प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों और प्रदेश संगठन महासचिव मंत्री श्रीनिवासुलु को आज दिल्ली में बैठक के लिए बुलाया है। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब एक दिन पहले ही शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

केवल ढिल्लों और मंत्री श्रीनिवासुलु पंजाब BJP की नई चुनी गई प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें करने के लिए लुधियाना में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों नेताओं को दिल्ली से बुलावा आया और वे लुधियाना की बैठक बीच में छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
लुधियाना में पंजाब BJP की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद SIR (Special Intensive Revision) को लेकर भी एक बैठक प्रस्तावित थी। हालांकि, दिल्ली से अचानक बुलावा आने के चलते दोनों वरिष्ठ नेता इन बैठकों को बीच में छोड़कर रवाना हो गए।
दिल्ली बैठक का एजेंडा क्या है?
फिलहाल दिल्ली में होने वाली इस बैठक के आधिकारिक एजेंडे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, पंजाब BJP के एक धड़े का मानना है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद पार्टी के भीतर बढ़ रहे असंतोष और विरोध पर चर्चा हो सकती है।
वहीं, पार्टी के दूसरे धड़े का कहना है कि यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब BJP के शीर्ष नेताओं के साथ हुई शुरुआती बैठक की अगली कड़ी हो सकती है। उस बैठक में पंजाब में आगामी चुनावों की रणनीति और पार्टी की तैयारियों पर चर्चा हुई थी।
नई कार्यकारिणी को लेकर पार्टी में नाराजगी
पंजाब BJP में हाल ही में हुए संगठनात्मक बदलाव को लेकर पार्टी के एक बड़े वर्ग में नाराजगी की खबरें सामने आई हैं। पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और उनके समर्थकों ने नई व्यवस्था के विरोध में अपने पदों से इस्तीफा भी दे दिया है।
ऐसे में माना जा रहा है कि BJP का केंद्रीय नेतृत्व पंजाब संगठन में सामने आ रहे मतभेदों को गंभीरता से ले रहा है। दिल्ली की बैठक में प्रदेश संगठन के भीतर की स्थिति और असंतुष्ट नेताओं को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
चुनावी रणनीति पर भी हो सकता है मंथन
बैठक में पंजाब में BJP की आगामी चुनावी रणनीति भी अहम मुद्दा हो सकती है। पार्टी संगठन को मजबूत करने, नेताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने पर चर्चा की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, BJP के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और नितिन नबीन मिलकर केवल ढिल्लों और मंत्री श्रीनिवासुलु से मुलाकात करेंगे।
ऐसे में पंजाब BJP में संगठनात्मक बदलाव के बाद दिल्ली में होने वाली यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। अब नजर इस बात पर है कि केंद्रीय नेतृत्व पंजाब BJP के भीतर चल रही नाराजगी और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर क्या रणनीति तय करता है।



















